नई तकनीक और नए शोध से अपडेट रहें शिक्षक: डॉ. अंजुम
नियमित और रूटीन के अनुरूप वर्ग संचालन करें शिक्षक: डॉ. अरुण
सीएम साइंस कॉलेज में आयोजित बैठक में शिक्षक प्रतिनिधि चुना गए बैकुंठ यादव
फोटो सी एम साइंस कॉलेज में आयोजित बैठक के बाद मौजूद अतिथि और शिक्षक
मधेपुरा निज संवाददाता
भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के अधीन सम्बद्ध सीएम साइंस कॉलेज में सोमवार को शिक्षकों की बैठक हुई। प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि विश्वविद्यालय इतिहास विभागाध्यक्ष सह प्रॉक्टर डॉ. इम्तियाज अंजुम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में कॉलेज के शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव हुआ। शिक्षकों ने सर्वसम्मति से प्रो. बैकुंठ प्रसाद यादव (ए आई एच विभाग) को कॉलेज का शिक्षक प्रतिनिधि चुना। केमिस्ट्री के प्रो. संजय कुमार ने प्रो. बैकुंठ प्रसाद यादव के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे वनस्पति विभाग के डॉ. त्रिभुवन प्रसाद मंडल सहित सभी शिक्षकों ने समर्थन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. इम्तियाज अंजुम ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधि में सीएम साइंस कॉलेज बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने शिक्षकों से नई तकनीक और नए शोध से अपडेट रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए शिक्षकों को भी किताब और अन्य श्रोत के साथ रहना होगा। उन्होंने नव निर्वाचित शिक्षक प्रतिनिधि का स्वागत करते हुए शिक्षकों की समस्या समाधान के प्रति सक्रिय रहने की बात कही। प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने शिक्षकों से समय पर कॉलेज आने और रूटीन के अनुसार कक्षा संचालन की बात कही। उन्होंने कहा कि कॉलेज में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र छात्राओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए यथासंभव प्रयत्नशील रहते हैं। उन्होंने सर्वसम्मति से शिक्षक प्रतिनिधि चुनने की परंपरा का स्वागत करते हुए शिक्षकों को बधाई दी।
मौके पर सुजीत कुमार, सत्य प्रकाश यादव, सूर्य नारायण यादव, संजय कुमार, उमेश यादव, मो. रुस्तम, धनिकलाल मुखिया, अनीत कुमार सिंह, राम प्रवेश कुमार, समित कुमार सिंह, प्रवीण कुमार, मो. सज्जाद, वरुण कुमार सिंह, टूना सिंह, अरुण कुमार सिंह, मो. नोमान, सुनील कुमार, मिथिलेश चंदन, अभय कुमार, अरुण कुमार, नव नंदन मेहता, पंकज कुमार, अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।













