मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के विभिन्न अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के आह्वान पर ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
इससे पूर्व 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास और विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिकाधिक युवाओं से खेल के मैदान से जुड़ने का आह्वान किया।
जानकारी देते हुए क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद के निदेशक प्रो. (डॉ.) मो. अबुल फजल एवं उपनिदेशक डॉ. जैनेन्द्र कुमार ने बताया कि कुलपति प्रो. बी.एस. झा के निर्देशानुसार 29 अगस्त को विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।
टीपी कॉलेज, मधेपुरा; सर्व नारायण सिंह रामकुमार सिंह महाविद्यालय, सहरसा; आरएम कॉलेज, सहरसा; एमएलटी कॉलेज, सहरसा; महाराजा हरिवल्लभ मेमोरियल कॉलेज, सोनबरसा; एमएचएम कॉलेज, सोनबरसा; ललित नारायण मिश्र स्मारक महाविद्यालय, वीरपुर; पार्वती विज्ञान महाविद्यालय तथा रमेश झा महिला महाविद्यालय, सहरसा सहित विभिन्न महाविद्यालयों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
टीपी कॉलेज, मधेपुरा
टीपी कॉलेज में बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। बैडमिंटन के पुरुष वर्ग में बाबू साहेब एवं सर्वजीत कुमार की जोड़ी विजेता तथा नितीन कुमार एवं स्टालिन कुमार की जोड़ी उपविजेता रही। महिला वर्ग में निकिता एवं जूही की जोड़ी विजेता तथा मुस्कान एवं स्वाति की जोड़ी उपविजेता रही। वॉलीबॉल के फाइनल में टीम ए ने टीम बी को 25-16 एवं 25-20 से हराकर खिताब जीता। प्राचार्य प्रो. कैलाश प्रसाद यादव के नेतृत्व में पीटीआई नंदन भारती, विश्वविद्यालय पीटीआई राकेश कुमार एवं पूर्व पीटीआई रामकृष्ण यादव ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
आरएम कॉलेज, सहरसा
आरएम कॉलेज के इनडोर स्टेडियम में खेल प्रभारी डॉ. रामअवधेश कुमार के नेतृत्व में बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई। महिला वर्ग में कीर्ति कुमारी, अंजलि कुमारी एवं कोमल कुमारी तथा पुरुष वर्ग में अनिकेत कुमार एवं अनीश कुमार सहित विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. इंद्रकांत झा ने किया। मौके पर डॉ. लक्ष्मी कुमार कर्ण, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. निर्मल कुमार, डॉ. संजय कुमार, सुशील कुमार झा, डॉ. आनंद कुमार झा, डॉ. सतीश कुमार झा, डॉ. अब्दुल सत्तार एवं डॉ. लक्ष्मण कुमार उपस्थित रहे।
सर्व नारायण सिंह रामकुमार सिंह महाविद्यालय, सहरसा
महाविद्यालय में 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, हॉकी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। हॉकी के फाइनल में महाविद्यालय की टीम ने कबीर क्लब को 2-1 से हराकर खिताब जीता। पुरुष 100 मीटर में अंकित कुमार, सोनू कुमार एवं अभिषेक आनंद तथा 400 मीटर में आदित्य राज, अभिषेक सम्राट एवं अंकित कुमार क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहे। महिला 100 मीटर में सोनम कुमारी, चांदनी कुमारी एवं गुंजन कुमारी क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहीं। बारिश के कारण वॉलीबॉल फाइनल अगले दिन कराने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रो. अनंत कुमार सिंह ने किया।
महाराजा हरिवल्लभ मेमोरियल कॉलेज, सोनबरसा
महाविद्यालय में 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं हुईं। 100 मीटर में अमर, ब्रजेश एवं गुड्डू, 200 मीटर में गुड्डू, संतोष एवं ब्रजेश तथा 400 मीटर में ब्रजेश, गुड्डू एवं सचिन क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहे। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार सिंह ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
पार्वती विज्ञान महाविद्यालय, मधेपुरा
पार्वती विज्ञान महाविद्यालय में प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया। पीटीआई भानु कुमार के नेतृत्व में बैडमिंटन, शतरंज एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं हुईं। बैडमिंटन में भाग्यमणि विजेता एवं राशि उपविजेता, महिला शतरंज में निशा कुमारी विजेता एवं पल्लवी कुमारी उपविजेता तथा पुरुष शतरंज में नीतीश कुमार विजेता एवं सत्य राज उपविजेता रहे। कबड्डी में भगत सिंह टीम ने राजगुरु टीम को 15-12 से हराया। विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
भारत सेवक समाज महाविद्यालय, सुपौल
महाविद्यालय में लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, जैवलिन थ्रो एवं दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला वर्ग में सरिता कुमारी, मनीषा कुमारी एवं पूजा कुमारी तथा दौड़ में सूरज कुमार, मंजीत कुमार एवं रोहन कुमार ने बेहतर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह, खेल प्रशिक्षक मो. जिब्राइल सहित शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।
रमेश झा महिला महाविद्यालय, सहरसा
रमेश झा महिला महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. ऊषा सिन्हा के नेतृत्व में शतरंज, कैरम सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके अलावा एमएलटी कॉलेज, सहरसा; एमएचएम कॉलेज, सोनबरसा तथा ललित नारायण मिश्र स्मारक महाविद्यालय, वीरपुर में भी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ जीवनशैली एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।















