*आजाद पुस्तकालय के तत्वावधान में याद किए गए मधेपुरा के स्वतंत्रता सेनानी*
आजाद पुस्तकालय के तत्वावधान में जिला स्थापना दिवस को समर्पित एक साल तक चलने वाले विशेष कार्यक्रमों की श्रंखला में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मधेपुरा के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों को विशेष रूप से याद किया गया। इस अवसर पर सार्क इंटरनेशनल स्कूल परिसर में प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके योगदानों पर प्रकाश डाला गया। इनमें रासबिहारी मंडल , कार्तिक सिंह,भूपेंद्र नारायण मंडल, शिव नंदन प्रसाद मंडल, मो. कुदरतुल्लाह काजमी, कमलेश्वरी प्रसाद यादव, कमलेश्वरी प्रसाद मंडल, चुल्हाय यादव, बाजा साह, सिंहेश्वर झा आदि शामिल रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुधांशु शेखर ने कहा कि आजादी के संघर्ष में मधेपुरा सहित पूरे कोसी क्षेत्र का स्वर्णिम इतिहास रहा है। लेकिन इतिहास की पुस्तकों में इसे समुचित स्थान नहीं मिल सका है। इसलिए हमें स्वयं आगे बढ़कर अपने नायकों के जीवन-संघर्षों एवं योगदानों को संकलित करने की जरूरत है। आजाद पुस्तकालय द्वारा इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
*स्वतंत्रता आंदोलन में मधेपुरा का अहम योगदान*
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आजाद पुस्तकालय के सचिव डॉ. हर्ष वर्धन सिंह राठौर ने कहा कि मधेपुरा का प्राचीन काल से लेकर आज तक भारत के इतिहास में एक खास स्थान रहा है। यह 3 सितंबर, 1845 को भागलपुर जिलान्तर्गत अनुमंडल एवं 9 मई, 1981 को स्वतंत्र जिला बना। यहां के लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में अहम योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि सन् 1857 के विद्रोह से लेकर, स्वदेशी आंदोलन, खिलाफत आंदोलन, रौलेट एक्ट के खिलाफ आंदोलन, असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन एवं भारत छोड़ो आंदोलन में यहां के नेताओं एवं आम लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्वतंत्रता के बाद संविधान-निर्माण, संपूर्ण क्रांति आंदोलन और पिछडे़ वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक-राजनैतिक घटनाओं में मधेपुरा के योगदान को नहीं भूलाया जा सकता है।
इस अवसर पर निजी विद्यालय संघ के सदर प्रखंड अध्यक्ष अबू जफर एवं सचिव आर. रहमान ने कहा कि आजादी के आंदोलन में मधेपुरा के सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी रही है। यह हमारी साझी विरासत है।
इस अवसर पर शिक्षक मदन मोहन झा,आजाद पुस्तकालय की सलाहकार प्रसन्ना, आशीष कुमार, राजीव कुमार, जेबा, शादिया, बिकेश, आरती, शम्मा, अर्पणा, तवसुम, प्रीति सहित अन्य उपस्थित रहे।













