*मथुरा के कलाकारों ने श्रीकृष्ण जन्मलीला का किया भव्य मंचन*
कला एवं संस्कृति विभाग,पटना ,बिहार तथा जिला प्रशासन ,मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में श्री गोशाला परिसर में आयोजित सात दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव की कृष्णलीला के दूसरे दिन गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मलीला का भव्य मंचन किया गया। एक ओर जहाँ मथुरा से आए कलाकारों ने अपनी जीवंत और भावपूर्ण प्रस्तुति से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का मनोहारी दृश्य साकार कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया वहीं दूसरी ओर गोशाला परिसर पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर नजर आया।
*कृष्णलीला में जुट रही लोगों की भीड़*
श्रीकृष्ण लीला देखने के लिए शाम से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों का जुटना शुरू हो गया था। मथुरा के कलाकारों ने आकर्षक वेशभूषा, प्रभावशाली संवाद और उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से द्वापर युग के प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। लीला के दौरान कंस के अत्याचार, देवकी-वसुदेव की पीड़ा और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण चित्रण ने प्रशाल में बैठे लोगों की खूब तालियां बटोरी।जैसे ही मंच पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का दृश्य प्रस्तुत हुआ, पूरा परिसर जय श्रीकृष्ण और जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। आकर्षक मंच सज्जा और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति का आलम यह रहा दर्शक को अंत तक कार्यक्रम से बंधे नजर आए कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की अच्छी भागीदारी रही।
*महोत्सव लोगों को कला, संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराने का माध्यम*
इस अवसर पर कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने कहा कि राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के माध्यम से जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मलीला का मंचन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि लोगों में कला, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। सात दिवसीय आयोजन में स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है, ताकि जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन मिल सके।
महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। आर्या कुमारी, विद्या कुमारी और रूपम कुमारी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। डीपीआरओ अनंत कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से महोत्सव से जुड़ी हर जरूरतों पर ध्यान रखा जा रहा है।कलाकारों की शानदार प्रस्तुति और दर्शकों की भीड़ कार्यक्रम को सफल बना रही है।इस अवसर पर संचालन समिति के सदस्य सुनीत साना, अमित कुमार अंशु , मिथुन कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन संगीत शिक्षिका शशि प्रभा जायसवाल ने किया।














