Search
Close this search box.

रामजी बाबू का स्नेहिल सानिध्य

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रामजी बाबू का स्नेहिल सानिध्य

डॉ. सरस्तती भाई                                               गांधी-विचार विभाग, तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर (बिहार)

पद्मश्री प्रोफेसर रामजी सिंह से परिचित होना और उनके स्नेहिल सानिध्य में रहना मेरे जीवन की बहू मूल्य उपलब्धि है।

साइकिल की सवारी थी पहचान               आदरणीय रामजी बाबू का मुझे प्रथम दिव्य दर्शन 1988 में लाजपत पार्क, भागलपुर के एक राजनीतिक मंच पर प्राप्त हुआ। इस मंच पर विश्वनाथ प्रताप सिंह का भाषण का कार्यक्रम था और रामजी बाबू अनायास ही मंच संचालन करने लगे थे। लंबा कद, खादी की धोती और कुर्ता, चमड़े का साधारण चप्पल, चश्मा और साइकिल की सवारी -यही उनकी पहचान थी।

सोचा कि रामजी बाबू हिंदी के प्रोफेसर होंगे       उस वक्त मैं बी. ए (प्रतिष्ठा) प्रथम वर्ष का छात्र था। मैं भगवान पुस्तकालय का नियमित पाठक था और भगवान पुस्तकालय में हिंदी संगोष्ठी होती रहती थी। उसी क्रम में प्रसिद्ध साहित्यकार जैनेंद्र कुमार की जयंती मनाई जा रही थी। उस दिन पहली बार उनका ओजस्वी भाषण सुना और मैंने सोचा कि रामजी बाबू हिंदी के प्रोफेसर होंगे, लेकिन मुझे आश्चर्य तब हुआ जब मेरे चाचा प्रो. अभयानंद मिश्र ने बताया कि रामजी बाबू गांधी-विचार विभाग के संस्थापक अध्यक्ष हैं और भागलपुर के पूर्व सांसद हैं।

प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासा को करते थे शांत                                                  स्नातक उत्तीर्ण होने के बाद मैंने गांधी-विचार विषय से एम. ए. करने का तय किया. नामांकन करने जब गांधी विचार विभाग के विभागाध्यक्ष के कक्षा में प्रवेश किया, तो देखा कि कोई दूसरा प्रोफेसर विद्यमान थे. मैं मायूस होकर कक्षा से बाहर आ गया और बड़ा बाबू से पूछा कि रामजी बाबू कहां है? तब पता चला कि रामजी बाबू जैन विश्व भारती विश्वविद्यालय, लाडनूं (राजस्थान) चले गए हैं. मैं दु:खी मन से गांधी-विचार में नामांकन कराया और नियमित वर्ग में जाने लगा. उस समय गांधी-विचार विभाग समारोहों का विभाग और विश्वविद्यालय का धड़कन कहा जाता था. रामजी बाबू जब भी भागलपुर आते थे, तो उनका शुभ आगमन विभाग भी होता था और वर्ग में आकर प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासा को शांत करते थे.

गांधी की भूलें पर कराया शोध
गांधी-विचार विभाग के तत्कालीन विभागाध्यक्ष प्रो. जनार्दन पाण्डेय ने कई बार मुझे अपने मार्गदर्शन में पी-एच.डी. करने की सलाह दी। लेकिन मैंने उनकी सलाह को नजरअंदाज कर दिया। मुझे रामजी बाबू के मार्गदर्शन में शोधार्थी बनने की अभिलाषा थी। इसी बीच आदरणीय रामजी बाबू लाडनूं के बाद गांधी विद्या संस्थान वाराणसी चले गए ् और वहां से निदेशक का अपना कार्यकाल पूर्ण कर सेवानिवृत हो गए और भागलपुर आकर रहने लगे। मैं अक्सर उनके आवास पर जाता और बौद्धिक चर्चा का अनुसरण करता था। एक दिन मैंने बहुत हिम्मत कर सर से कहा कि मेरी आपके मार्गदर्शन में पी-एच.डी .करने की वर्षों से अभिलाषा है। उन्होंने तुरंत सहमति प्रदान की और- ‘गांधी की भूलें : एक समीक्षा’ विषय पर शोध करने की सलाह दी। मैंने आह्लादित होकर अपनी सहमति व्यक्त की। मुझे इनके मार्गदर्शन में पी-एच.डी .की उपाधि मिली। यह मेरे जीवन का गौरव का क्षण था।

घर आकर दिया अंतरजातीय विवाह करने वाले शिष्य को आशीर्वा                                        गांधी-विचार विभाग में अध्ययन से प्राप्त जानकारी और रामजी बाबू की शख्सियत ने मुझे समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता बना दिया। रामजी बाबू शांति सेना शिविरों का संचालन करते थे। शिविरों के माध्यम से युवा युवतियों को गांधी-विचार से अनुप्राणित करते थे और राष्ट्र सेवा की ललक पैदा कर सामाजिक परिवर्तन का वाहक बना रहे थे। इस शिविर में रामजी बाबू सेनापति और मैं कमांडर होते थे। शरणार्थियों शिविरों में मुझे उनके साथ रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। शिविरों में रामजी बाबू युवाओं-युवतियों को दहेजमुक्त विवाह करने का आह्वान करते थे। मैंने भी उनके विचारों से प्रभावित होकर दहेजमुक्त और अंतरजातीय विवाह किया। मेरी शादी में बाराती बनकर सर जाने वाले थे, लेकिन उस दिन बीमार पड़ने के कारण नहीं जा सके। शादी की अगले दिन गुरुदेव, प्रो  मनोज कुमार के साथ मेरे जोगसर अवस्थित मेरे घर आये और नव दंपति को आशीर्वाद दिया।

होटल को छोड़कर शिष्य के किराए के आवास पर रुके                                                             2005 में मैं सरकारी सेवक बनाकर देवघर रहने लगा। देवघर में एकबार मोरारी बापू की कथा वाचन का आयोजन था। गुरुदेव के लिए होटल की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वो मेरे अपने किराए के आवास पर आकर रुके और मुझे आध्यात्मिक सत्कार का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

जेल में थे, तो पत्नी ने मुश्किल से पांच बच्चों को पाला                                                              जब मैं रामजी बाबू के आवास जाता था, तो उनकी गुरुमता से भी घंटों बातचीत करता था और गुरुदेव से जुड़ी रोचक कहानियां सुनता था। उनकी गुरुमता बताती थीं कि जब आपके सर विद्यार्थी आंदोलन (1974 आंदोलन) में जेल चले गए थे, तो मुझे पांच बच्चों (दो बेटे और तीन बेटियां) के भरण पोषण में काफी कठिन हुई थीं। फिर भी हमने हिम्मत से काम लिया।

उपहास करने वाले प्रतिद्वंदी को भी मानते थे अपना अग्रज                                                   छात्र आंदोलन में उनकी सक्रियता से हमलोग आनंदित थे। जब सर को जनता पार्टी से टिकट दिया, तो तत्कालीन सांसद सह मंत्री भागवत झा आजाद जी ने काफी उपहास किया करते और चुनावी मंच से कहा थे कि जिसको धोती में नील डालने और चप्पल में पॉलिश करने का पैसा नहीं – वो मेरे खिलाफ क्या चुनाव लड़ेगा! जब चुनाव में बहुत वोट से सर जीत गये, तो छात्र लोग नारा लगाने लगे -रामजी बाबू के धोती में नील आ गया, जूता पॉलिश हो गया। अहंकारी भागवत झा आजाद मुर्दाबाद। रामजी बाबू सबों को हाथ जोड़कर विनती करते थे कि कृपया आजाद जी के खिलाफ कोई नारा नहीं लगाएं। उनके सम्मान को ठेस नहीं पहुंचाए-वो मेरे अग्रज तुल्य हैं । अर्थशास्त्र के विद्वान हैं।

किताबें खरीदने का शौक                              रामजी बाबू को किताबें पढ़ना, खरीदना और लिखना का बहुत शौक था।कई बार पारिवारिक व्यवसायों का निर्वाह करने बाजार जाते थे। नवीन किताबों पर नजर पड़ते ही उसे खरीद लाते थे और घरेलू जरूरतों को नजरअंदाज कर देते थे।

सांसद आवास पर रोगियों की सेवा               गुरुमता बताती थीं कि जब हम लोग सांसद आवास दिल्ली में रहते थे, तब क्षेत्र के कई लोग दिल्ली इलाज करने जाते थे और उनके आवास पर ठहरते थे। रामजी बाबू उन रोगियों एवं उनके परिजनों का कुशल क्षेम लेते थे – किसी-किसी वृद्ध की पैर दबा देते और सरसों तेल भी लगा देते थे। इतनी सेवाभाव रखते थे।

गुणों के सागर हैं गुरूदेव
गुरूदेव रामजी बाबू गुणों के सागर हैं। इनसे मैंने समय की पाबंदी, अनुशासन और वचन निभाना सिखा है। उनके व्यक्तित्व में बौद्धिकता का विशाल भंडार है, उदारता और सादगी की गंगोत्री प्रवाहमान है, स्नेह और वात्सल्य का सागर है, ऋषि-तुल्य आकर्षण और सम्मोहन है। अकल्पनीय वाकपटुता और भाषण शैली है। वे केवल तपस्वी साधक और मानवता के सेवक ही नहीं विलक्षण विचारक और मनीषी भी हैं, जिनमें अनेकों विलक्षण गुण हैं – जिनको धारण करना सामान्य मनुष्य के लिए  दुष्कर  है।

READ MORE