सिद्धांत और संवेदना से बने थे प्रभाकर सिन्हा
अरुण कुमार त्रिपाठी
बिहार के मुजफ्फरपुर में अंग्रेजी के प्रोफेसर रहे प्रभाकर सिन्हा(1938-2026) का निधन न सिर्फ देश के मानवाधिकार संघर्ष को लगा बड़ा धक्का है बल्कि सिद्धांत और संवेदना की राजनीति को हुई एक गंभीर क्षति है। वे लंबे समय तक पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबरटीज के प्रादेशिक और राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। लेकिन राजनीतिक परिवार में जन्म लेने के कारण राजनीति में सिद्धांत का उदाहरण पेश करते हुए एक बार 1967 में अपने पिता को चुनाव हरवाया तो दूसरी बार स्वयं 1977 में यह कहते हुए चुनाव लड़ने से मना कर दिया कि राजनीति सिद्धांतों से समझौता किए बिना असंभव हो गई है। उसके बाद उन्होंने नक्सलियों, समाजवादियों, सर्वोदयियों और संघियों के बीच संतुलन कायम करते हुए पीयूसीएल जैसी सदैव संघर्ष और प्रतिपक्ष में काम करने वाली संस्था को अपना जीवन समर्पित कर दिया।
उनके नाना रामचरित्र सिंह 1947 से ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। मामा चंद्रशेखर सिंह सीपीआई के नेता थे और जेल में थे क्योंकि तब सीपीआई एक प्रतिबंधित संगठन था। लेकिन सरकार ने न तो उन पर कोई दया दर्शायी और न ही केस वापस लिया। दूसरी ओर पिता ब्रजनंदन सिन्हा 1957 में ही बिहार विधानसभा के लिए कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुन लिए गए। शासक दल से जुड़ी हुई राजनीतिक विरासत के साथ उसके विरोध और प्रतिपक्ष की विरासत उसी परिवार में साथ साथ पल रही थी। बात 1967 के चुनाव की है। इस चुनाव में प्रभाकर सिन्हा ने अपने पिता ब्रजनंदन सिन्हा की उम्मीदवारी का विरोध किया। वजह थी शिक्षक आंदोलन पर सरकार की ओर से किया गया दमन। पुलिस फायरिंग में व्याख्याता निगमानंद कुँअर और छात्र महेश शाही की मौत हो गई थी। प्रभाकर सिन्हा आंदोलन के संयोजक थे और न्यायिक जांच की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री कृष्ण बल्लभ सहाय मुख्यमंत्री थे। सरकार मजिस्ट्रेट जांच के लिए तैयार थी। शिक्षक न्यायिक जांच की मांग कर रहे थे। प्रभाकर सिन्हा ने मुख्यमंत्री के सामने तर्क दिया कि अगर मजिस्ट्रेटी जांच में रिपोर्ट प्रशासन के विरुद्ध आई तब तो बात ठीक होगी। लेकिन अगर रिपोर्ट शिक्षकों के विरुद्ध गई तो सरकार की छवि खराब होगी। इस बात पर मुख्यमंत्री न्यायिक जांच के लिए मान गए।
लेकिन असली मामला था कि कांग्रेस हराओ आंदोलन में हिस्सा लेने वाले प्रोफेसर कैसे चुनाव में अपने पिता और कांग्रेस के उम्मीदवार का समर्थन करें। गैर कांग्रेसी उम्मीदवार ने उनसे अपील की कि आप का फर्ज बनता है कि आप मेरे लिए प्रचार करें और अपने पिता को हराएं। पिता के सामने यह सवाल आया तो पिता ने कहा अगर तुम्हें यह लगता है कि मेरा विरोध न करने से तुम्हारा सिद्धांत आहत होता है तो तुम विरोध करो। पिता की सहमति से एक बेटे ने पिता का चुनाव में विरोध किया और वे हार गए। पिता के विरोध में प्रभाकर सिन्हा, जुड़े हुए थे। जबकि तीनों बहनें पिता की ओर थीं। नारा लगा साबुन में सनलाइट, माचिस में एक्का, कोकई बाबू को हरउले कोकइया का बेटा। कोकई बाबू उनके पिता को कहते थे। जब ब्रजनंदन सिन्हा चुनाव हार गए तो घर का दरवाजा बंद करके परिवार के साथ बैठ गए। बेटे बेटियों से बोले कि तुम लोग भी बाहर मत जाओ नहीं तो कोई हमला न कर दे। फिर बोले हमारी स्थिति भी विचित्र दुविधा वाली थी। अगर हम जीत जाते तो बेटे दुखी होते और बेटियां खुश होतीं। अब जब हार गए तो बेटे खुश हैं और बेटियां दुखी हैं। ऐसी थी सिद्धांत निष्ठा की दुविधा जो प्रभाकर बाबू को विरासत में मिली थी।
प्रभाकर बाबू आजादी के बाद सत्ता की राजनीति के कारण लोकतांत्रिक मूल्यों में होने वाले क्षरण से निरंतर चिंतित थे और 1977 तक उन्हें यह अहसास हो गया था कि मूल्यों से समझौता किए बिना राजनीति नहीं की जा सकती। जेपी आंदोलन के प्रभाव में लगे आपातकाल में तीनों भाई जेल में थे। जब 1977 में चुनाव घोषित हुआ तो उन शिक्षकों से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया गया जो आपातकाल में जेल में थे। प्रभाकर बाबू पर भी बड़ा दबाव था कि वे विधायक का चुनाव अपने पिता की सीट से लड़ें। जनता पार्टी के पास उस सीट से कोई बेहतर उम्मीदवार नहीं था। प्रभाकर बाबू राजनीति को बुरी चीज नहीं मानते थे लेकिन यह सोच कर चुनाव लड़ने से मना कर दिया कि सिद्धांत और नैतिकता से समझौता किए बिना आप राजनीति नहीं कर सकते।
और फिर वे पीयूसीएल से जुड़ गए। बिहार में पीयूसीएल यानी पीपुल्स यूनियन फार सिविल लिबरटीज का गठन 1980 में हुआ। इसके पीछे जयप्रकाश नारायण की प्रेरणा थी और बांबे हाई कोर्ट के पूर्व जज विट्ठल महादेव तारकुंडे(वीएम तारकुंडे) की सक्रियता थी। बिहार पीयूसीएल के अध्यक्ष बने पूर्व एडवोकेट जनरल राधा रमन और उपाध्यक्ष थे प्रभाकर सिन्हा। लेकिन राधारमण जी जल्दी ही बीमार पड़ गए और 1983 से लगातार बिहार पीयूसीएल के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में प्रभाकर सिन्हा ने काम किया और देश भर के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम किया। 1983 के पटना सम्मेलन में देश भर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जुटे। वीएम तारकुंडे तो थे ही प्रोफेसर रजनी कोठारी भी आए।
लेकिन प्रभाकर सिन्हा के समक्ष पीयूसीएल को संचालित करने की सैद्धांतिक और नैतिक चुनौती कठिन थी। आशंका थी कि पीयूसीएल अधिक सक्रिय होगी तो उस पर नक्सली कब्जा कर लेंगे और न सक्रिय होगी तो उस पर नक्सलियों के मानवाधिकार उपेक्षा का आरोप लगेगा। पीयूसीएल में सर्वोदयी, संघी और नक्सलवादी सभी किस्म के लोग थे। उसमें रविशंकर प्रसाद भी थे तो वसंत कुमार चौधरी और दूसरे लोग भी थे। सन 1988-1989 के बीच यह आरोप भी लगा कि क्या पीयूसीएल नक्सलियों के लिए ही काम करती है। प्रभाकर सिन्हा को इन्हीं वैचारिक ध्रुवों के बीच संतुलन बनाकर पीयूसीएल को चलाना होता था और नागरिक अधिकारों के साथ मानवाधिकारों की रक्ष करनी होती थी। पीयूसीएल का संविधान नागरिक अधिकारों की बात करता है और चुनौती मानवाधिकारों की रक्षा की भी आती थी। क्योंकि मानवाधिकार अंतरराष्ट्रीय अवधारणा है। ऐसे में संविधान में संशोधन किया गया। लेकिन इस तरह की तमाम नैतिक और वैचारिक द्वंद्व का सामना प्रभाकर बाबू को अपने परिवार के स्तर पर भी करना होता था। पिता ब्रजनंदन बाबू कांग्रेसी थे। बड़े भाई सच्चिदानंद सिन्हा समाजवादी थे। तो छोटे भाई अरविंद सिन्हा नक्सली। प्रभाकर जी कहना है कि 2014 से पहले उन्होंने कांग्रेस को कभी वोट नहीं दिया और नक्सलियों को एक रुपए भी चंदा नहीं दिया। लेकिन एक नागरिक और मनुष्य के नाते सभी से संवेदना और उसके अधिकारों के लिए खड़े रहे। पीयूसीएल ने 1984-1985 के बीच दो महत्त्वपूर्ण जांच की। एक जांच रांची के मनोचिकित्सा संस्थान की स्थिति पर तो दूसरी थी साहेबगंज जिले के बंझी में आदिवासियों पर पुलिस फायरिंग की। इस फायरिंग में एक पूर्व सांसद समेत 15 लोग मारे गए थे।
प्रभाकर सिन्हा 1985 के बाद लगातार चार साल बिहार पीयूसीएल के अध्यक्ष रहे और इस बीच कई महत्त्वपूर्ण अभियान चलाए और रिपोर्ट लिखी। 1990 के बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे और 2009 से 2016 तक तीन कार्यकाल राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। इस दौरान उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण रिपोर्ट और पुस्तिकाएं लिखीं। जब सरकार ने पंजाब को लक्ष्य करके 1988 में 59 वां संविधान संशोधन किया और नागरिक अधिकारों को हड़पने की योजना बनाई। प्रभाकर जी ने 1988 में एक पुस्तिका लिखीः—संविधान का 59 वां संशोधनः तानाशाही का एक षडयंत्र। उनके नेतृत्व में पीयूसीएल ने भागलपुर आंखफोड़ कांड पर लोगों की संवेदना जगाने के लिए अभियान चलाया क्योंकि लोग तो उन पुलिस वालों के पक्ष में खड़े थे जिन्होंने आंखें फोड़ी थी। इसी तरह जब भागलपुर में सांप्रदायिक दंगा हुआ तो पीयूसीएल ने आगे बढ़कर जांच की और अपनी रिपोर्ट दी। जिसके आधार पर मुकदमे चले।
उन्होंने पीयूसीएल के उपाध्यक्ष रहते हुए दो पुस्तिकाएं और लिखीः—मानवाधिकार एक संक्षिप्त परिचय और ह्यूमेन राइट्स ए हैंडबुक फार आल। प्रभाकर सिन्हा ने सिक्किम की एक भाषा को लेकर लिंग्विस्टिक्स में पीएचडी की थी और विदेश जाकर पढ़ाने के लिए पूरी तरह सुयोग्य थे। लेकिन बड़े भाई सच्चिदानंद सिन्हा ने जब घर की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी तो मुजफ्फरपुर के रामदयालु कॉलेज में अंग्रेजी साहित्य के प्रोफेसर होकर रह गए। वे अविवाहित रहे। लेकिन परिवार के मूल्यों के लिए बेहद संवेदनशील बने रहे। ऐसे प्रभाकर सिन्हा एक दुर्लभ प्रजाति के मनुष्य मालूम होते हैं लेकिन पतनशील समाज को प्रेरणा तो ऐसे ही लोगों से मिलती है।














