आज मुजफ्फरपुर में महाचनद्र सिंह बी.एड. कॉलेज के एक कार्यक्रम के अवसर पर बिहार सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर जी से मुलाकात हुई। इस अवसर पर उन्हें रामेश्वर महाविद्यालय के त्रैमासिक न्यूज़लेटर ‘अक्षरामृत’ की प्रति भेंट की।
बातचीत के दौरान मैंने उनका ध्यान कुछ माह पूर्व नवसृजित डिग्री महाविद्यालयों में दर्शनशास्त्र की पढ़ाई प्रारंभ करने तथा इसके लिए पद सृजन की मांग को लेकर हुई हमलोगों की मुलाकात की ओर आकृष्ट कराया। उस मुलाकात का छायाचित्र भी ‘अक्षरामृत’ में प्रकाशित है, जिसमें बिहार दर्शन परिषद की अध्यक्ष प्रोफेसर पूनम सिंह, प्रोफेसर किस्मत कुमार सिंह, प्रोफेसर बीणा कुमारी तथा दर्शनशास्त्र के कई अन्य साथी भी उपस्थित थे।
माननीय शिक्षा मंत्री जी ने न्यूज़लेटर में प्रकाशित इस प्रसंग को गंभीरता से देखा और हमारी मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि जब भी नवसृजित डिग्री महाविद्यालयों में शिक्षक पदों के सृजन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी, उसमें दर्शनशास्त्र विषय के पदों को भी शामिल किया जाएगा।
आशा है कि इस विषय को शीघ्र ही नीतिगत एवं व्यावहारिक रूप मिलेगा, ताकि विद्यार्थियों को दर्शनशास्त्र के अध्ययन का अवसर मिल सके।
-प्रो. श्यामल किशोर,
प्रधानाचार्य, रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर।
महासचिव, दर्शन परिषद्, बिहार














