Search
Close this search box.

एलआईबी की बैठक संपन्न राज्यपाल से की जाएगी बीएनएमयू में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायत अपने मूल उद्देश्यों को पूरा करने में विफल हो रहा है बीएन मंडल विश्वविद्यालय : ई० रवीन्द्र यादव

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

एलआईबी की बैठक संपन्न

राज्यपाल से की जाएगी बीएनएमयू में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायत

अपने मूल उद्देश्यों को पूरा करने में विफल हो रहा है बीएन मंडल विश्वविद्यालय : ई० रवीन्द्र यादव

मधेपुरा। लेट्स इन्स्पायर बिहार (एलआईबी) की प्रमंडल स्तरीय बैठक 17 मई, 2026 (रविवार) को चामगढ़ हाउस, वार्ड नं. 9, पश्चिम बाईपास रोड स्थित LIB मुख्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से B. N. Mandal University एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों में छात्रों से वसूले जा रहे अत्यधिक शुल्क, ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने के बावजूद ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म स्वीकार किए जाने तथा शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अनियमितताओं पर गंभीर चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि लेट्स इन्स्पायर बिहार हमेशा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं छात्रहित की आवाज उठाता रहा है। यदि किसी भी संस्थान में छात्रों एवं अभिभावकों के साथ अन्याय होता है तो उसके विरुद्ध लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आवाज बुलंद की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के कोशी क्षेत्र संयोजक ई० रवीन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्पष्ट संदेश है कि बिहार में हर हाल में कानून का राज स्थापित होगा तथा भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति प्रभावी रूप से लागू की जाएगी। भ्रष्टाचार के विरुद्ध इस लड़ाई में सहयोग करना हर जागरूक नागरिक का कर्तव्य है। अब आवश्यकता है कि समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी निभाए और इस परिवर्तनकारी अभियान का सहभागी बने।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने वंचित एवं पिछड़े वर्गों के बीच उच्च शिक्षा का प्रकाश फैलाने के उद्देश्य से मधेपुरा में विश्वविद्यालय की स्थापना कराई थी, किंतु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज यह विश्वविद्यालय अपने मूल उद्देश्यों को पूरा करने में अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर सका है। विश्वविद्यालय का नाम लगातार विवादों एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़ता रहा है, जिससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का विश्वास कमजोर हुआ है।

उन्होंने कहा कि लोकभवन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विश्वविद्यालय में नामांकन, पंजीयन, परीक्षा, वेतन एवं पेंशन सहित सभी प्रक्रियाएँ भारत सरकार के निःशुल्क समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएँ। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इन निर्देशों की उपेक्षा किए जाने संबंधी गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

बैठक में यह आरोप भी सामने आया कि विश्वविद्यालय में कार्यरत एजेंसियों के संचालन, अनुबंध अवधि, शुल्क निर्धारण तथा तकनीकी कार्यान्वयन को लेकर कई गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। सदस्यों ने कहा कि यदि इन शिकायतों में सत्यता पाई जाती है तो यह छात्रों एवं अभिभावकों के आर्थिक शोषण का गंभीर मामला होगा।

बैठक में यह भी कहा गया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध एजेंसियों द्वारा निर्धारित मॉड्यूल्स के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने, डेटा सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता तथा अनुबंध विस्तार की प्रक्रिया पर कई प्रश्नचिह्न हैं। इन सभी मामलों की स्वतंत्र जांच कर जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

इसके अतिरिक्त स्नातक पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों से इंटर्नशिप के नाम पर लिए जा रहे शुल्क तथा चयनित एजेंसियों की पात्रता पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि यदि इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।

बैठक में उपस्थित एलआईबी सदस्य गुलफराज शेख़ ने कहा कि कोशी क्षेत्र बाढ़ प्रभावित एवं कृषि आधारित क्षेत्र है, जहाँ अधिकांश परिवार सीमित आय पर निर्भर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र बड़ी कठिनाइयों के बीच उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं। ऐसे में अनावश्यक शुल्क वृद्धि छात्रों एवं अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि समय रहते विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रहित में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो एलआईबी व्यापक जन-जागरण अभियान चलाएगा।

साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि बीएनएमयू में व्याप्त भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं एवं छात्रहित की उपेक्षा से संबंधित विस्तृत शिकायत-पत्र माननीय राज्यपाल, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं अन्य सक्षम प्राधिकारों को प्रेषित किया जाएगा।

अंत में ई० रवीन्द्र यादव ने कहा—

“बीएनएमयू को बचाना केवल छात्रों का प्रश्न नहीं, बल्कि पूरे कोशी क्षेत्र के शैक्षणिक भविष्य का प्रश्न है। जब जागरूक समाज संगठित होकर आगे आता है, तभी व्यवस्था में वास्तविक परिवर्तन संभव होता है।”

बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्यों में शंकर प्रसाद ( सेवा निवृत चिकित्सक), डॉ० गोपाल कुमार यादव(दंत चिकित्सक), ज्ञानानंद झा ( जदयू नेता सहरसा), रुद्रनारायण यादव( मुख्य समन्वयक मधेपुरा), राजा कुमार( समन्वयक मधेपुरा), मो० गुलफराज शेख ( समन्वयक मधेपुरा), सत्यम सिंह ( समन्वयक मधेपुरा), नारायण यादव (सदस्य मधेपुरा), गोपी पंडित ( सदस्य मधेपुरा), आनंद कुमार, मो० साकिब हुसैन, मो० शौकत अली, निशांत यादव, प्रीति यादव सहित एलआईबी के कई सक्रिय सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जारीकर्ता:
ई० रवीन्द्र यादव
संयोजक, कोशी क्षेत्र
लेट्स इन्स्पायर बिहार (LIB), मधेपुरा

“Circle तोड़ो, System सुधारो”
“Let’s Inspire Bihar”

READ MORE

एलआईबी की बैठक संपन्न राज्यपाल से की जाएगी बीएनएमयू में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायत अपने मूल उद्देश्यों को पूरा करने में विफल हो रहा है बीएन मंडल विश्वविद्यालय : ई० रवीन्द्र यादव

मधेपुरा जिला में पासपोर्ट सेवा केन्द्र नहीं रहने के कारण क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा समाहरणालय परिसर, मधेपुरा में दिनांक-24.05.2026 से 26.05. 2026 तक पासपोर्ट सेवा मोबाईल कैम्प का आयोजन निर्धारित है।

बीएनएमयू के विकास में बिजेंद्र प्रसाद यादव के योगदान को कुलपति ने बताया अहम ईमानदारी से काम करने वालों की बनती है पहचान: उप मुख्यमंत्री बीएनएमयू में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव का हुआ सम्मान समारोह अपने गुरु के प्रति सम्मान और आदर का भाव रखने से समृद्ध होगा समाज

[the_ad id="32069"]

READ MORE

एलआईबी की बैठक संपन्न राज्यपाल से की जाएगी बीएनएमयू में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायत अपने मूल उद्देश्यों को पूरा करने में विफल हो रहा है बीएन मंडल विश्वविद्यालय : ई० रवीन्द्र यादव

मधेपुरा जिला में पासपोर्ट सेवा केन्द्र नहीं रहने के कारण क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा समाहरणालय परिसर, मधेपुरा में दिनांक-24.05.2026 से 26.05. 2026 तक पासपोर्ट सेवा मोबाईल कैम्प का आयोजन निर्धारित है।

बीएनएमयू के विकास में बिजेंद्र प्रसाद यादव के योगदान को कुलपति ने बताया अहम ईमानदारी से काम करने वालों की बनती है पहचान: उप मुख्यमंत्री बीएनएमयू में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव का हुआ सम्मान समारोह अपने गुरु के प्रति सम्मान और आदर का भाव रखने से समृद्ध होगा समाज