वे दूर रहते हुए भी हमें हमारे कुटुंबीजन ही लगते हैं…
पूज्य रामजी सींग से मेरी पहली मुलाकात सन् 1998 ई. में अखिल भारतीय दर्शन परिषद के पंचमठी (मध्यप्रदेश) अधिवेशन में हुई। इस पहली मुलाकात से ही हमारे बीच एक पारिवारिक रिश्ता जुड़ गया। वहां रामजी बाबू मेरी दोना बेटियों निष्ठा एवं श्रेया से काफी घुलमिल गए। दोनों बेटियों को ऐसा एहसास हुआ कि उन्हें अपना दादा मिल गया।
आगे भी मैं ‘परिषद’ के विभिन्न अधिवेशनों में लगातार रामजी बाबू से मिलते रही। ‘परिषद्” में हम दोनों को गांधीजन माना जाता था। यहां हम आपस में दर्शन के अतिरिक्त सर्वोदय के विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में भी बातचीत चलते थे।
हमारे लिए यह अत्यंत ही गर्व की बात है कि रामजी बाबू एवं मुझे भी परम पूज्य संत बाबा श्री विनोबा भावे जी के सानिध्य में रहकर कार्य करने का अवसर मिला है। हमारी अखिल भारतीय दर्शन परिषद् के साथ-साथ बाबा विनोबा द्वारा स्थापित पवनार आश्रम, पवनार, वर्धा के मित्र मिलन में भी लगातार मुलाकातें होती रही। एक बार जब रामजी बाबू अपनी बेटी के पास मुम्बई के घाटकोपर (पू.) में आए थे, तो मैं उनकी बेटी के घर जाकर भी उनसे मिली थीं। वहां भी मुझे सबकुछ अपने परिवार जैसा लगा था। इस तरह हमारा पारिवारिक संबंध आगे बढ़ता गया और भी प्रगाढ़ होते गया।
मुझे जब कभी भी गांधी-विनोबा या किसी अन्य विषय पर कुछ विशेष जानकारी प्राप्त करनी होती थी, तो मैं नि:संकोच रामजी बाबू से बात करती थीं। वे तमाम व्यस्तताओं के बावजूद हमारे लिए हमेशा उपलब्ध रहते थे। उन्होंने समय निकालकर मेरे पति सुभाष की पुस्तख ‘गांधी : बार एट लॉ’ की प्रस्तावना भी लिख दी थीं।
आज बढ़ती उम्र के कारण हम दोनों अखिल भारतीय दर्शन परिषद् के अधिवेशन तथा पवनार आश्रम के मित्र मिलन कार्यक्रम में नहीं जा पा रहे हैं। इधर कई वर्षों से हमारी मुलाकातें नहीं हुई हैं। मैं मुम्बई में रह रही हूँ और रामजी बाबू यहां से सैकड़ों किलोमीटर दूर पटना में। लेकिन भौतिक रुप से दूर रहकर भी वे हमेशा मेरे एवं हमारे परिवार के सभी सदस्यों के दिलों के करीब हैं- वे दूर रहते हुए भी हमें हमारे कुटुंबीजन ही लगते हैं।
संक्षेप में, प्रो. रामजी सिंह का स्थान समकालीन भारतीय दर्शन के अध्येताओं एवं सर्वोदय के कार्यकर्ताओं में अप्रतीम है। शायद ही कोई उनकी जगह ले सकता है। भगवान उन्हें अच्छा स्वास्थ्य दें और दीर्घायु करें-ऐसी अभ्यर्थना है।
-प्रो. (डॉ.) गीता सुभाष मेहता,
अध्यक्ष (सेवानिवृत्त), तर्क एवं दर्शनशास्त्र विभाग, महर्षि दयानंद कॉलेज, परेल, मुम्बई (महाराष्ट्र)
(मुम्बई विश्वविद्याल, मुम्बई)
पूर्व निदेशक, के. जे. सोमैया सेंटर फॉर स्टडीज इन जैनिज्म, मुम्बई (महाराष्ट्र)
(‘गाँधी-विचार की विरासत : डॉ. रामजी सिंह अभिनंदन ग्रंथ’ में प्रकाशनाधीन संस्मरण)













