प्रांगण रंगमंच का सावनोत्सव कार्यक्रम को ले हुई बैठक
स्थापित कलाकारों के साथ नवोदित कलाकारों को प्रतिभा दिखाने को दिया जाएगा मंच
सावनोत्सव आयोजन के लिए प्रांगण रंगमंच के सदस्यों की बैठक में विचार विमर्श
सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था प्रांगण रंगमंच, मधेपुरा के सदस्यों की बैठक रविवार को पालकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हुई। बैठक में हर साल की तरह इस बार भी सावन महीने में सावनोत्सव का भव्य आयोजन करने पर विचार विमर्श किया गया।
सदस्यों ने कहा कि प्रांगण का सावनोत्सव काफी लोकप्रिय हो चुका है। इस कार्यक्रम में स्थापित कलाकारों के साथ ही नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा उजागर करने का मौका मिलता है। सावनोत्सव समारोह में भक्ति गीत, संगीत, नृत्य, लोक गीत, लोक नृत्य सहित राष्ट्रीयता से ओत प्रोत गीत संगीत और नृत्य की प्रस्तुति की जाएगी। 
सदस्यों ने कहा कि सावन महीने की महिमा काफी निराली है। यह महीना भक्ति, प्रेम और समरसता का संदेश देता है। सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए सक्रिय सदस्यों को दायित्व सौंपा है। सावनोत्सव स्थल के लिए कुछ जगहों को चिन्हित किया गया है। जो बेहतर होगा उसका चयन किया जाएगा। कार्यक्रम की तिथि निर्धारण के लिए कॉलेजों की विभिन्न परीक्षाओं को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता प्रांगण रंगमंच के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार परमार ने की। मौके पर संरक्षक प्रो. प्रदीप कुमार झा, मुख्य ट्रस्टी दिलखुश कुमार, सचिव अमित आनंद, आशीष सत्यार्थी, मनीष भगत, नीरज कुमार निर्जल, राकेश विश्वास, कुंदन कुमार सहित अन्य मौजूद थे।












