गोपाष्टमी महोत्सव में स्थापित कलाकारों के अलावा स्थानीय कलाकारों ने भी दिखाई अपनी प्रतिभा
मधेपुरा।
राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन गौशाला परिसर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या संगीत, नृत्य और हास्य-व्यंग्य की विविध प्रस्तुतियों से गुलजार रही। स्थापित कलाकारों के अलावा स्थानीय कलाकारों ने अपनी गायकी, नृत्य और अभिनय प्रतिभा से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। लोकगीत, भक्ति संगीत और सुगम संगीत की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए। वहीं, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में चार लगा दिया। स्थानीय कलाकार रागिनी कुमारी ने भारत में फिर से आ जाओ बलराम कन्हैया गाकर सबका ध्यान अपनी ओर आकृष्ट कराया। अनुग्रह प्लस टू स्कूल की संगीत शिक्षिका रागिनी कुमारी की दमदार गायिकी ने खूब वाहवाही लूटी। उन्हें ए डी एम अरुण कुमार सिंह में मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मौके पर डॉ. आर के पप्पू, डॉ. संजय कुमार, शौकत अली,पृथ्वी राज यदुवंशी सहित कई गणमान्य मौजूद थे। रागिनी कुमारी ने कहा कि राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव को जिला प्रशासन ने बेहद उम्दा और बेहतरीन कार्यक्रम का आयोजन किया है। इसके लिए जिला प्रशासन का आभार।














