डॉ. विद्या सागर यादव जी को श्रद्धांजलि
——————–
बिहार सरकार के पूर्व निदेशक (उच्च शिक्षा) डॉ. विद्या सागर यादव का 06 अक्टूबर, 2026 की मध्य रात्रि 01:11 बजे निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार सुपौल जिले के बलुआ बाजार थानान्तर्गत संस्कृत निर्मली ग्राम में 07 अक्टूबर, 2026 को अपराह्न 3 बजे संपन्न होगा। विनम्र श्रद्धांजलि।
मैं डॉ. विद्या सागर यादव जी से कभी प्रत्यक्षतः नहीं मिला। लेकिन तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर में पढ़ाई के दौरान मुझे लगातार इनके बारे में जानने का मौका मिलता रहा। दरअसल उन दिनों मैं प्रायः प्रतिदिन शाम में प्रोफेसर कॉलोनी, लालबाग में अपने गुरुवर एवं शोध-निदेशक प्रो. प्रभु नारायण मंडल जी के साथ बैठकर दर्शन एवं समाज-राजनीति सहित किसी भी विषय पर चर्चा करते रहता था। इस चर्चा में दो व्यक्ति नियमित रूप से शामिल होते थे- प्रो. राजेन्द्र प्रसाद सिंह जी (अर्थशास्त्र विभाग) एवं प्रो. यमुना प्रसाद यादव जी (गणित विभाग)। 
डॉ. विद्या सागर जी मेरे गुरुवर प्रो. प्रभु नारायण मंडल जी, प्रो. राजेन्द्र प्रसाद सिंह जी एवं प्रो. यमुना प्रसाद यादव जी तीनों के करीबी थे और प्रो. यमुना प्रसाद यादव जी के तो समधी भी थे। ऐसे में प्रायः डॉ. विद्या सागर यादव जी की चर्चा होती थी।
जब मैंने बीएनएमयू, मधेपुरा में योगदान दिया, तब मुझे मालूम हुआ कि डॉ. विद्या सागर यादव जी हमारे विश्वविद्यालय में भौतिकी विभाग के प्राध्यापक अग्रज डॉ. विमल सागर जी के पिताजी हैं। ऐसे में उनके प्रति मेरा जुड़ाव और भी बढ़ गया।
पुनः विनम्र श्रद्धांजलि।














