एलआईबी ने जताया राज्यपाल के प्रति आभार
—-
लेट्स इंस्पायर बिहार (एलआईबी), कोसी प्रमंडल द्वारा चलाए जा रहे जनहित संबंधी अभियान को व्यापक समर्थन एवं प्रभावी सफलता प्राप्त हो रही है। इस संबंध में एलआईबी, कोसी प्रमंडल के संयोजक ई. रवीन्द्र यादव ने बताया कि गत दिनों अन्य संगठनों एवं व्यक्तियों के साथ-साथ एलआईबी ने बिहार के माननीय राज्यपाल-सह- कुलाधिपति लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत्त) जनरल सैयद अता हसनैन को पत्र भेजकर बीएनएमयू, मधेपुरा में यूएमआईएस को हटाने एवं समर्थ पोर्टल को लागू करने की मांग की थी। राज्यपाल ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए कृपापूर्वक एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में न केवल बीएनएमयू, मधेपुरा, वरन् बिहार के सभी विश्वविद्यालयों में लागू कर दिया गया है। यह बिहार के लाखों विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए एक सराहनीय कदम उठाया है।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल सचिवालय ने सभी विश्वविद्यालयों को समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही कार्य करने का सख्त निर्देश दिया है और यूएमआइएस या अन्य एजेंसियों से कार्य कराने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। खास बात यह है कि अब विश्वविद्यालय यूएमआईएस के संबंध में न तो नई निविदा जारी कर सकेंगे और न ही पुरानी एजेंसियों के करार का नवीनीकरण करेंगे। इससे विद्यार्थियों का आर्थिक शोषण रुकेगा और विश्वविद्यालय में करोड़ों रुपए के बंदरबांट पर रोक लगेगी। इस तरह राज्यपाल ने बिहार के उच्च शिक्षा की एक बड़ी समस्या का समाधान किया है।
उन्होंने एलआईबी के सभी सदस्यों की तरफ से बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति के प्रति आभार व्यक्त किया है। आगे भी जनहित से जुड़े मामलों में यथासंभव पहल करते रहने का संकल्प व्यक्त किया है।














