नेक्स्ट जेन केमिस्ट्री पर 11 एवं 12 सितंबर, 2026 को होगा राष्ट्रीय सेमिनार
सेमिनार में रिसोर्स पर्सन के रूप में राष्ट्रीय स्तर के विद्वानों को किया गया है आमंत्रित
मधेपुरा
भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय में रसायन विज्ञान और ए आई के विशेषज्ञों का जमघट लगेगा। मौका होगा नेक्स्ट जेन केमिस्ट्री इनोवेशंस ड्राइविंग द फ्यूचर टॉपिक पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार की। विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर रसायनशास्त्र विभाग तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार 11 एवं 12 सितंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। नेक्स्ट जेन केमिस्ट्री इनोवेशंस ड्राइविंग थे फ्यूचर टॉपिक पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार की तैयारी तेज कर दी गई है। यह सम्मेलन हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में आयोजित होगा, जिससे देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधार्थी और वैज्ञानिक सुगमता से भाग ले सकेंगे। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन इंडियन केमिकल सोसाइटी के सहयोग से तथा काउंसिल ऑफ केमिकल साइंसेज की अकादमिक सहभागिता में आयोजित हो रहा है। इस शैक्षणिक समागम के दौरान प्रतिष्ठित आचार्य पीसीरे मेमोरियल लेक्चर एवं डॉ. वाईपी यादव मेमोरियल लेक्चर का भी आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन के आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही है। सेमिनार में रसायन विज्ञान और अंतः विषय अनुसंधान के अत्याधुनिक क्षेत्र हरित एवं संधारणीय रसायन विज्ञान, नैनो-प्रौद्योगिकी एवं उन्नत पदार्थ,
पर्यावरण, संगणकीय और सैद्धांतिक रसायन,
कार्बनिक, अकार्बनिक एवं भौतिक रसायन में नवाचार, ऑर्गेनोमेटैलिक केमिस्ट्री, लाइफ साइंसेज, भौतिकी और गणित में अंतःविषय अनुसंधान सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में प्रमुख वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। सेमिनार के संयोजक विभागाध्यक्ष प्रो. नरेश कुमार ने बताया कि सेमिनार में बर्धमान विश्वविद्यालय के
प्रो. जगतपति ताह, जादवपुर विश्वविद्यालय के
प्रो. चित्तरंजन सिन्हा, डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के प्रो. आरएन. यादव (पूर्व कुलपति, पूर्णिया एवं बीएनएमयू) सी एस आई आर जोरहाट के वैज्ञानिक
डॉ. विश्वजीत साहा, प्रधान वैज्ञानिक, सिंजीन इंटरनेशनल लिमिटेड के डॉ. अभिजीत मल, बंगलौर से ई. प्रणव प्रकाश रिसोर्स पर्सन के रूप में रहेंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के मुख्य संरक्षक बीएनएमयू के कुलपति प्रो. बिमलेंदु शेखर झा तथा पद्मश्री प्रो. जीडी यादव (अध्यक्ष, इंडियन केमिकल सोसाइटी) हैं। संरक्षक मंडल में प्रो. नरेश कुमार (अध्यक्ष, रसायनशास्त्र विभाग एवं निदेशक, आईक्यूएसी, बीएनएमयू), सह-संरक्षक डॉ. अशोक कुमार झा (प्राचार्य, केपी कॉलेज) और संयोजक डॉ. अजय कुमार दास (बीएनएमयू) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन सचिव डॉ. अक्षी त्यागी, संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. अरुणाव सेनगुप्ता, मीडिया प्रभारी डॉ. संजय कुमार को बनाया गया है।
प्रो. नरेश कुमार ने बताया कि सेमिनार में बड़ी संख्या में देश के अन्य राज्यों से भी प्रतिभागी शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
ए आई पर अपनी प्रस्तुति देंगे ई. प्रणव प्रकाश: राष्ट्रीय सेमिनार में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर नवीनतम शोध पर अपनी प्रस्तुति ई. प्रणव प्रकाश देंगे।














