*हिंदी दिवस : भाषा के सम्मान के साथ उसके भविष्य को लेकर संकल्प का दिन*
हिंदी को ज्ञान, तकनीक और आधुनिक संचार की भाषा बनाने की जरूरत है उक्त बाते
हिंदी दिवस के अवसर पर आजाद पुस्तकालय, कतराहा के सचिव युवा साहित्यकार डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर ने कही।उन्होंने कहा हिंदी दिवस केवल भाषा के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर नहीं, बल्कि हिंदी को जीवन, शिक्षा, ज्ञान, तकनीक और जनसंवाद की अधिक प्रभावशाली भाषा बनाने के संकल्प का भी दिन है। उन्होंने कहा आज हिंदी के सामने चुनौती केवल इसके प्रचार-प्रसार की नहीं, बल्कि इसे आधुनिक ज्ञान-विज्ञान और तकनीकी विकास के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे ले जाने की है। एआई,डिजिटल तकनीक और इंटरनेट के दौर में हिंदी के लिए नई संभावनाओं का द्वार खुला है।
इस संदर्भ में 2026 के विश्व हिंदी दिवस की थीम “हिंदी : पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक” हिंदी की विकास यात्रा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की आवश्यकता को ही रेखांकित करती है।डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर ने कहा कि हिंदी का भविष्य तभी मजबूत होगा, जब वह केवल साहित्य और दैनिक बोलचाल तक सीमित न रहकर उच्च शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, शोध, प्रशासन, डिजिटल माध्यम और रोजगार की भाषा के रूप में आगे बढ़ेगी। साथ ही हिंदी को आगे बढ़ाते समय भारत की अन्य भाषाओं और भाषायी विविधता का सम्मान बनाए रखना भी जरूरी है।वहीं डॉक्टर राठौर ने हिंदी को बोझ या केवल परीक्षा की भाषा के रूप में नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति, ज्ञान और सृजन की आधुनिक भाषा के रूप में अपनाने का आह्वान किया।वहीं युवा साहित्यकार डॉक्टर राठौर ने हिंदी को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर वर्षभर इसके अध्ययन, लेखन, पठन और प्रयोग को बढ़ावा दे नई पीढ़ी के लिए अधिक उपयोगी और प्रभावशाली बनाए जाने की बात कही।
*हिंदी दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत होंगे विविध कार्यक्रम*
आजाद पुस्तकालय कतराहा के सचिव डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर ने बताया कि हिंदी दिवस की पूर्व संध्या से शुरू कार्यक्रम एक पखवाड़ा तक चलेगी इस कड़ी में कवि सम्मेलन, बच्चों के बीच हिंदी से जुड़ी प्रतियोगिता,सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।उन्होंने बताया की इस हिंदी पखवाड़ा का मुख्य आकर्षण साहित्य एवं पत्रकारिता से जुड़ी एक एक विशेष प्रतिभा का सम्मान रहेगा जिसके चयन की प्रक्रिया जारी है यह सम्मान आजाद पुस्तकालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान की जाएगी।














