Search
Close this search box.

डॉ. विष्णु किशोर झा ‘बेचन’ जयंती पर समारोह, कुमार कृष्णन को मिलेगा स्मृति सम्मान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

*डॉ. विष्णु किशोर झा ‘बेचन’ जयंती पर समारोह, कुमार कृष्णन को मिलेगा स्मृति सम्मान*
प्रसिद्ध हिंदी आलोचक और साहित्यकार डॉ. विष्णु किशोर झा ‘बेचन’ की जयंती के अवसर पर 4 सितंबर को बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन में जयंती समारोह, स्मृति सम्मान एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। समारोह में बिहार के चर्चित पत्रकार एवं लेखक कुमार कृष्णन को डॉ. विष्णु किशोर झा ‘बेचन’ स्मृति सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह की अध्यक्षता बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ करेंगे। उद्घाटनकर्ता न्यायमूर्ति मान्धाता सिंह होंगे। मिथिला विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. रत्नेश्वर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में मगध विश्वविद्यालय के मानविकी विभाग के पूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र कुमार चौधरी, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनोज कुमार झा तथा बिहार सरकार के पूर्व संयुक्त सचिव ब्रजकिशोर पाठक शामिल होंगे।
डॉ. अनिल सुलभ ने बताया कि कुमार कृष्णन का चयन उनकी चार दशकों की दीर्घ पत्रकारिता यात्रा तथा साहित्य, समाज और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर और प्रतिबद्ध लेखन के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि कुमार कृष्णन ने पत्रकारिता को केवल समाचार तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों, जनहित और वंचित तबकों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सवालों को लगातार प्रमुखता दी है।
उन्होंने बताया कि डॉ. विष्णु किशोर झा ‘बेचन’ की स्मृति में दिया जाने वाला यह सम्मान साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
डॉ. अनिल सुलभ ने कहा कि डॉ. विष्णु किशोर झा ‘बेचन’ हिंदी के प्रतिष्ठित आलोचक और साहित्यकार थे। उनकी साहित्यिक दृष्टि, आलोचनात्मक विवेक और रचनात्मक योगदान हिंदी साहित्य की महत्वपूर्ण विरासत हैं। उनकी स्मृति में दिया जाने वाला सम्मान साहित्य और समाज के प्रति प्रतिबद्ध रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
समारोह में डॉ. विष्णु किशोर झा ‘बेचन’ के साहित्यिक अवदान पर वक्ताओं द्वारा चर्चा की जाएगी। इसके बाद कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न साहित्यकार और कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

Kumar Krishnan

READ MORE