Search
Close this search box.

डॉ. आनंद आजाद का स्थानांतरण रोकने की मांग 

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

डॉ. आनंद आजाद का स्थानांतरण रोकने की मांग 

टीएमबीयू, भागलपुर अंतर्गत”मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर के राजनीति विज्ञान विभाग में कार्यरत अतिथि सहायता प्राध्यापक डॉ. आनंद आजाद को जी. बी. कॉलेज, नौगछिया में स्थानांतरित करने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बीएनएमयू, मधेपुरा के सीनेट सदस्य डॉ. सुधांशु शेखर ने टीमबीयू, भागलपुर के कुलसचिव द्वारा इससे संबंधित जारी अधिसूचना पर सवाल उठाया है।

 

उन्होंने कहा है कि विश्वविद्यालय द्वारा कथित तौर पर शिक्षकों की संख्या पूरी होने को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण की बात कही गई है । यदि ऐसा है तो यहाँ सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि डॉ. आनन्द आजाद का ही स्थानांतरण क्यों ? स्थानांतरण तो बाद में पदस्थापित शिक्षक का होना चाहिए था ।

 

उन्होंने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय द्वारा यह कारर्वाई डॉ. आनंद आजाद के प्रति विद्वेष एवं दुर्भावना के तहत उन्हें परेशान करने और एक जिम्मेदार शिक्षक नेता एवं सजग नागरिक के रूप में सत्य के पक्ष में उठने वाली उनकी आवाज को दबाने के कुत्सित उद्देश्य से की गई है।

उन्होंने इस स्थानांतरण की टाइमिंग पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि अभी शीघ्र ही विश्वविद्यालय में नए स्थायी कुलपति की नियुक्ति होने वाली है और सभी लोग प्रकाश-पर्व दीपावली एवं लोकपर्व छठ की छुट्टियों के दौरान अनुष्ठान कार्य में व्यस्त हैं। ऐसे में प्रभारी कुलपति के आदेश के हवाले से विश्वविद्यालय कुलसचिव का यह फरमान उनके मानसिक दिवालियापन एवं संवेदनहीनता को दर्शाता है। इस अधिसूचना के माध्यम से लोक भवन, पटना द्वारा जारी उस दिशा-निर्देश की भी अवहेलना की गई है, जिसमें प्रभारी कुलपति द्वारा स्थानांतरण सहित कोई भी नीतिगत निर्णय लेने पर रोक लगाई गई है।

डॉ. शेखर ने राज्यपाल-सह-कुलाधिपति से अनुरोध किया है कि तत्काल प्रभाव से डॉ. आनंद आजाद का स्थानांतरण रोकने का आदेश देने की कृपा की जाए।

READ MORE