पद्मश्री प्रोफेसर रामजी सिंह जी की संस्थागत निष्ठा : एक अविस्मरणीय संस्मरण
भारतीय दर्शन और गांधीवादी चिंतन की परंपरा में कुछ ऐसे व्यक्तित्व होते हैं, जिनका जीवन स्वयं एक दर्शन, एक विचार और एक प्रेरणा बन जाता है। पद्मश्री प्रोफेसर रामजी सिंह ऐसे ही विलक्षण व्यक्तित्व के धनी हैं। वे केवल एक प्रखर दार्शनिक, गंभीर अध्येता, गांधीवादी चिंतक और शिक्षाविद् ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील समाजसेवी, स्वतंत्रता सेनानी, लेखक और संस्थागत निष्ठा के सजग साधक भी हैं। उनके व्यक्तित्व में ज्ञान की गहराई, विचारों की प्रखरता, व्यवहार की सहजता और जीवन की सादगी का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।
दर्शन को जीवन और आचरण में उतारने का सतत प्रयास
उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उन्होंने दर्शन को केवल पुस्तकों, व्याख्यानों और अकादमिक विमर्श तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे अपने जीवन और आचरण में उतारने का सतत प्रयास किया। वे उन विरल व्यक्तित्वों में हैं, जिनके विचार और व्यवहार में कोई अंतर दिखाई नहीं देता। उनके जीवन को निकट से देखने और समझने का अवसर मिलना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से गौरव और सौभाग्य का विषय रहा है।
मुझे बिहार दर्शन परिषद से रामजी बाबू का आत्मीय संबंध का अविस्मरणीय प्रसंग को साझा करते हुए प्रसन्नता हो रही है।प्रो. रामजी सिंह के विराट व्यक्तित्व का एक अत्यंत प्रेरणादायक पक्ष बिहार दर्शन परिषद के प्रति उनका आत्मीय लगाव और समर्पण भी रहा है। इस प्रसंग से जुड़ी संस्थागत निष्ठा का एक स्मृति मेरे हृदय में आज भी विशेष स्थान रखती है।
मुझे स्मरण है कि 11 दिसंबर 2018 को पटना के जे डी वीमेंस महाविद्यालय में बिहार दर्शन परिषद का 41वां वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया था। इस आयोजन का दायित्व महाविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग ने संभाला था। उस समय मैं बिहार दर्शन परिषद का महासचिव था। इससे पूर्व 11 दिसंबर 2018 को ही भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद (ICPR), नई दिल्ली द्वारा प्रो. रामजी सिंह को उनके दीर्घकालीन अकादमिक, दार्शनिक एवं सामाजिक योगदान के लिए ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ अर्थात् समग्र जीवन उपलब्धि सम्मान प्रदान किया गया था। परिषद के तत्कालीन अघ्यक्ष प्रो. सिद्धेश्वर भट्ट तथा सदस्य सचिव प्रो. राम रजनीश कुमार शुक्ल जी के द्वारा उक्त सम्मान प्रदान किया गया था।
बिहार दर्शन परिषद के वार्षिक अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में उन्हें समग्र जीवन उपलब्धि सम्मान से सम्मानित करने का संयोजक का दायित्व मुझे सौंपा गया था। मेरे लिए यह अत्यंत गौरव और भावनात्मक प्रसन्नता का क्षण था। बिहार दर्शन परिषद के महासचिव के रूप में यह महत्त्वपूर्ण दायित्व था, तो दूसरी ओर बिहार की दार्शनिक परंपरा के एक ऐसे महान विद्वान को सम्मानित करने का अवसर था, जिनका परिषद से ऐतिहासिक और आत्मीय संबंध रहा है।
उस दिन सभागार में बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापक, शोधार्थी, विद्वान तथा बिहार से बाहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने। उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान राशि तथा सम्मान-पत्र प्रदान किया गया।
बिहार की दार्शनिक परंपरा के प्रति उनकी गहरी निष्ठा
यहाँ यह उल्लेख करना आवश्यक है कि बिहार दर्शन परिषद की स्थापना वर्ष 1949 में गुरु प्रो. डी. एन. दत्त के प्रयासों से हुई थी, जो प्रो. रामजी सिंह के गुरु थे। इस प्रकार परिषद के प्रति उनका लगाव केवल एक अकादमिक संस्था से जुड़ाव नहीं था, बल्कि यह उनके गुरु की वैचारिक विरासत और बिहार की दार्शनिक परंपरा के प्रति उनकी गहरी निष्ठा का प्रतीक था। बीच के कुछ कालखंडों में परिषद की गतिविधियाँ अवरुद्ध अवश्य हुईं, लेकिन वर्ष 2005 से इसके अकादमिक और संगठनात्मक कार्यों को निरंतर गति मिली। आज परिषद व्याख्यानों, संगोष्ठियों, वार्षिक अधिवेशनों और शोधपरक गतिविधियों के माध्यम से अपनी विशिष्ट अकादमिक पहचान स्थापित कर रही ।परिषद के उक्त सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में प्रो. रामजी सिंह ने बिहार दर्शन परिषद के विषय में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने परिषद के इतिहास, उसकी स्थापना, उसके उद्देश्यों और भविष्य की संभावनाओं के प्रति अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। बातचीत के क्रम में उन्होंने अत्यंत आत्मीयता से कहा कि मेरा इस परिषद से बहुत गहरा लगाव रहा है। मैं चाहता हूँ कि बिहार दर्शन परिषद का पटना में अपना एक भव्य भवन और स्थायी कार्यालय हो। इसके लिए मैं अभी जो सम्मान राशि प्राप्त कर रहा हूँ, उसमें अपनी ओर से दस हजार रुपये और जोड़कर कुल एक लाख दस हजार रुपये परिषद को देना चाहता हूँ, ताकि इस संस्था के अपने भवन और कार्यालय निर्माण का सपना साकार हो सके।
उनके इस प्रस्ताव ने मुझे भीतर तक भाव-विभोर कर दिया। सम्मान प्राप्त करने के बाद सामान्यतः व्यक्ति उस सम्मान और उससे जुड़ी राशि को अपनी उपलब्धि के रूप में संजोकर रखता है, लेकिन प्रो. रामजी सिंह ने सम्मान की राशि को भी अपनी निजी उपलब्धि नहीं माना। उन्होंने उसे उस संस्था के विकास के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया, जिससे उनका आत्मीय और ऐतिहासिक संबंध था।
उन्होंने केवल अपनी भावना व्यक्त करके बात समाप्त नहीं की, बल्कि मुझसे कहा, ‘श्यामल जी, आप मेरे घर आइए।’ उनके इस आत्मीय आमंत्रण पर जब मैं उनके निवास पर पहुँचा, तो उन्होंने एक लाख दस हजार रुपये की राशि मुझे प्रदान की, ताकि बिहार दर्शन परिषद के भवन और कार्यालय निर्माण के प्रयास को आगे बढ़ाया जा सके।
वह क्षण मेरे लिए अविस्मरणीय है। मैं भाव-विभोर था। आज के आर्थिक और भौतिकतावादी युग में, जब व्यक्ति अर्थ के प्रति अत्यधिक मोह रखता है, वहाँ एक महान विद्वान द्वारा अपनी सम्मान राशि को संस्था के विकास के लिए समर्पित कर देना उनके उदार हृदय, त्याग और संस्थागत प्रतिबद्धता का असाधारण उदाहरण है।
उस समय बिहार दर्शन परिषद के अध्यक्ष प्रो. बी.एन. ओझा थे, जो अब हमारे बीच नहीं हैं। हम सभी ने प्रो. रामजी सिंह की इस भावना और संकल्प का सम्मान करते हुए परिषद के स्थायी कार्यालय के निर्माण के लिए प्रयास किए। दुर्भाग्यवश, सरकारी स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका और यह कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। लेकिन यह हमारा दृढ़ विश्वास है कि प्रो. रामजी सिंह ने जिस संकल्प का बीजारोपण किया था, वह एक दिन अवश्य साकार होगा। बिहार दर्शन परिषद के सभी पदाधिकारी, सदस्य और पार्षद इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मेरे विचार से यह प्रसंग उनके व्यक्तित्व को समझने के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने केवल बिहार दर्शन परिषद को आर्थिक सहयोग नहीं दिया, बल्कि उसके भविष्य के लिए एक आदर्श और प्रेरणा भी प्रस्तुत की। उनके लिए संस्था का विकास किसी व्यक्ति विशेष की उपलब्धि नहीं, बल्कि सामूहिक बौद्धिक विरासत के संरक्षण का प्रश्न था।
गुरु-परंपरा, संस्थागत निष्ठा और अकादमिक योगदान
प्रो. रामजी सिंह का बिहार दर्शन परिषद से संबंध केवल सम्मानित अतिथि अथवा आमंत्रित विद्वान के रूप में नहीं रहा है। परिषद की स्थापना से जुड़ी गुरु-परंपरा के प्रति उनकी निष्ठा, इसके आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता तथा अकादमिक विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव उल्लेखनीय रही है। परिषद ने भी उनके योगदान और विद्वत्ता को सम्मान दिया है। उनका परिषद के अध्यक्षीय दायित्वों और विभिन्न अकादमिक आयोजनों से जुड़ाव हम सभी के लिए गौरव का विषय रहा है।
उन्होंने अनेक पुस्तकों का लेखन किया है और विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय दर्शन तथा गांधीवादी चिंतन को प्रतिष्ठित किया है। बिहार दर्शन परिषद के आयोजनों में उनकी सहभागिता सदैव ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रही है। वे किसी भी कार्यक्रम की सफलता को केवल औपचारिक आयोजन की दृष्टि से नहीं देखते थे, बल्कि उसे ज्ञान के आदान-प्रदान और अकादमिक चेतना के विकास का अवसर मानते थे।
उनका मानना रहा है कि किसी संस्था की वास्तविक प्रतिष्ठा उसके भवन अथवा संसाधनों से नहीं, बल्कि उसके बौद्धिक स्तर, विचारों की गुणवत्ता और उससे जुड़े लोगों की प्रतिबद्धता से निर्मित होती है। परिषद के प्रति उनका समर्पण इसी भावना का जीवंत उदाहरण है।
सहजता, सादगी और आत्मीय व्यवहार : गांधीवाद का जीवंत स्वरूप
प्रो. रामजी सिंह के व्यक्तित्व का सबसे आकर्षक पक्ष उनकी सहजता और आत्मीयता है। इतनी गहरी विद्वत्ता, इतनी व्यापक प्रतिष्ठा और इतने उच्च सम्मान के बावजूद उनमें कहीं भी पद, प्रतिष्ठा अथवा विद्वत्ता का अहंकार दिखाई नहीं देता। वे लोगों से अत्यंत आत्मीयता से मिलते हैं। विशेषकर अपने से कनिष्ठ विद्वानों और शिष्यों के प्रति उनका स्नेहपूर्ण व्यवहार मन को छू जाता है।
मुझे व्यक्तिगत रूप से उनके स्नेह का अनुभव अनेक अवसरों पर हुआ है। जब भी उनसे मिलने का अवसर मिला, उन्होंने अत्यंत अपनत्व से अपने पास बुलाया और स्नेहपूर्वक गले लगाया। उनके इस व्यवहार में औपचारिकता नहीं, बल्कि एक सहज मानवीय आत्मीयता होती है। उम्र और प्रतिष्ठा के अंतर को वे अपने व्यवहार के बीच कभी नहीं आने देते।
मैं प्रायः सोचता हूँ कि गांधी को पढ़ना और गांधी पर बोलना एक बात है, लेकिन गांधी के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना बिल्कुल दूसरी बात है। गांधी का वास्तविक अनुकरण तभी संभव है, जब व्यक्ति सत्य, अहिंसा, सादगी, अपरिग्रह, विनम्रता और मानवीय प्रेम को अपने आचरण का हिस्सा बनाए। प्रो. रामजी सिंह का जीवन इस दृष्टि से गांधीवादी विचारों का जीवंत उदाहरण प्रतीत होता है।
उनकी सादगी, आत्मीयता, उदारता और व्यवहार में दिखाई देने वाली सहजता यह अनुभव कराती है कि गांधीवादी दर्शन उनके लिए केवल अध्ययन और अध्यापन का विषय नहीं, बल्कि जीवन-पद्धति है।
ओजस्वी वक्ता और प्रेरणादायी शिक्षक:
एक शिक्षक और विद्वान के रूप में प्रो. रामजी सिंह की विशिष्ट पहचान रही है। उनके व्याख्यानों को सुनना अपने आप में एक बौद्धिक अनुभव है। जब वे किसी विषय पर बोलते हैं, तो उनकी प्रस्तुति में गहन अध्ययन, वैचारिक स्पष्टता, तर्क की प्रखरता और अभिव्यक्ति का अद्भुत ओज दिखाई देता है।
उनके वक्तव्य की विशेषता यह है कि वे केवल विषय की जानकारी नहीं देते, बल्कि विषय के मूल प्रश्नों और उसकी दार्शनिक गहराइयों तक श्रोताओं को ले जाते हैं। उनकी भाषा, उदाहरण देने की शैली और विचारों को क्रमबद्ध ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता श्रोताओं को सहज ही अपने साथ जोड़ लेती है। उनके व्याख्यान में विषय की गंभीरता के साथ संवाद की आत्मीयता भी बनी रहती है।
एक शिक्षक कैसा होना चाहिए, एक गुरु का अपने शिष्यों के प्रति कैसा व्यवहार होना चाहिए और ज्ञान के साथ विनम्रता का क्या संबंध है—इन प्रश्नों का उत्तर उनके व्यक्तित्व में देखा जा सकता है। वे इस बात के जीवंत उदाहरण हैं कि सच्ची विद्वत्ता व्यक्ति को विनम्र बनाती है, अहंकारी नहीं।
उनका जीवन यह भी सिखाता है कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में विवेक, नैतिकता, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है।
समकालीन संदर्भ में उनकी प्रासंगिकता
आज का विश्व हिंसा, युद्ध, असहिष्णुता, पर्यावरण संकट, उपभोक्तावाद, सामाजिक विषमता और नैतिक मूल्यों के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति के बावजूद मानव जीवन में शांति, संतोष और सह-अस्तित्व की चुनौतियाँ बनी हुई हैं। ऐसे समय में प्रो. रामजी सिंह का गांधीवादी चिंतन और भारतीय दार्शनिक दृष्टि अत्यंत प्रासंगिक हो जाती है।
उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल आर्थिक समृद्धि नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा, सामाजिक न्याय, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सबके कल्याण की भावना है। गांधी का सर्वोदय, जैन दर्शन का अनेकांतवाद और भारतीय चिंतन की सर्वभूत हित की भावना आज भी मानवता को एक बेहतर भविष्य की दिशा दिखा सकती है।
पद्मश्री सम्मान : सम्मान से भी बड़ा व्यक्तित्व
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2020 में उन्हें पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित किया जाना उनके दीर्घकालीन अकादमिक, सामाजिक और वैचारिक योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार है। उन्हें यह सम्मान वर्ष 2021 में प्रदान किया गया। यह निश्चय ही बिहार और विशेष रूप से दर्शनशास्त्र जगत के लिए गौरव का विषय है।
मेरे मन में उनके प्रति जो श्रद्धा और सम्मान है, उसके आधार पर मैं यह कहने का साहस कर सकता हूँ कि पद्मश्री सम्मान ने प्रो. रामजी सिंह की प्रतिष्ठा को नहीं बढ़ाया, बल्कि उनके विराट व्यक्तित्व ने पद्मश्री सम्मान की गरिमा को और अधिक प्रतिष्ठित किया है। सम्मान किसी व्यक्ति की उपलब्धियों को मान्यता देता है, लेकिन जब व्यक्ति स्वयं अपने आचरण, ज्ञान और जीवन-मूल्यों से सम्मान की प्रतिष्ठा बढ़ा दे, तब वह व्यक्तित्व वास्तव में असाधारण बन जाता है। उपसंहार : ज्ञान और व्यवहार का अनुपम समन्वय
व्यक्ति इस संसार में आता है और एक दिन संसार से विदा भी हो जाता है, लेकिन कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जो अपने ज्ञान, कर्म, विचार और आचरण के माध्यम से समय की सीमाओं को पार कर जाते हैं। वे केवल अपने समय के नहीं रहते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और आदर्श बन जाते हैं। प्रो. रामजी सिंह ऐसे ही व्यक्तित्व हैं।
उनके व्यक्तित्व में ज्ञान और व्यवहार, विद्वत्ता और विनम्रता, विचार और कर्म तथा प्रतिष्ठा और सादगी का जो अनुपम समन्वय दिखाई देता है, वह विरल है। बिहार दर्शन परिषद के प्रति उनका समर्पण, अपनी सम्मान राशि को संस्था के विकास के लिए अर्पित करने की उदारता, शिष्यों के प्रति उनका स्नेह और गांधीवादी मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता मेरे लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगे।
उनकी उम्र 95 वर्ष से अधिक हो चुकी है, फिर भी उनकी सक्रियता, स्वस्थ जीवन-दृष्टि, विचारों की प्रखरता और संवाद की ऊर्जा हम सभी को आश्चर्यचकित करती है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और हम जैसे शिष्यों तथा दर्शन के अध्येताओं को उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद निरंतर प्राप्त होता रहे।
मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे ऐसे महान दार्शनिक, गांधीवादी चिंतक और आत्मीय गुरु का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उनके व्यक्तित्व के विषय में जितना कहा जाए, वह कम होगा। वे केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, एक जीवन-दृष्टि और एक प्रेरणादायी परंपरा हैं।
ऐसी महान विभूति के प्रति मैं अपनी विनम्र श्रद्धा, आदर और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सादर नमन करता हूँ। वे हमारे प्रेरणास्रोत हैं और सदैव बने रहेंगे।
–प्रो. (डॉ.) श्यामल किशोर, महासचिव , दर्शन परिषद् , बिहार प्राचार्य, रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर (बी.आर. अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर)














