‘एलआईबी चेस क्लब’ के गठन की निर्णय।
कोसी क्षेत्र के लिए सर्वाधिक उपयुक्त है शतरंज : ई. रवीन्द्र यादव
लेट्स इंस्पायर बिहार (एलआईबी), मधेपुरा द्वारा जिले में शतरंज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एलआईबी चेस क्लब’ की स्थापना की पहल की जा रही है। इस संबंध में सोमवार को प्रधान कार्यालय, चामगढ़ हाउस, वार्ड संख्या-09, आजाद नगर में एक बैठक आयोजित कर जिले में बच्चों एवं युवाओं के बीच शतरंज को लोकप्रिय बनाने तथा एक सकारात्मक बौद्धिक वातावरण तैयार करने के लिए “एलआईबी चेस क्लब” की स्थापना का निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रमंडलीय संयोजक ई. रवीन्द्र यादव ने कहा कि शतरंज भारत का एक महत्वपूर्ण खेल है। यह एक कम खर्चिला खेल है और इसके लिए किसी मैदान की भी आवश्यकता नहीं होती है। इसलिए यह कोसी क्षेत्र के लिए सर्वाधिक उपयुक्त खेल है।

उन्होंने कहा कि शतरंज से जीवन में अनुशासन, एकाग्रता एवं धैर्य का विकास होता है। यह हमारी निर्णय-क्षमता को बढ़ाता है और तर्कशक्ति एवं वैज्ञानिक सोच के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। यह खेल बच्चों के बौद्धिक विकास एवं आत्मविश्वास को नई दिशा दे सकता है।

बैठक में मधेपुरा में नियमित रूप से शतरंज प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण सत्र के आयोजन और यहां के खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। इसके लिए जिले के अधिक- से-अधिक बच्चों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, पूर्व खिलाड़ियों एवं जागरूक नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। इच्छुक लोग खिलाड़ी, प्रशिक्षक, मेंटर, स्वयंसेवक या दर्शक के रूप में इस अभियान से जुड़कर जिले में शतरंज खेल को मजबूत बनाने में सहयोग कर सकते हैं।

इस अवसर पर मुख्य समन्वयक डॉ. सुधांशु शेखर, समन्वयक रूद्रनारायण यादव, मनोज चौधरी, मुकुन्द भगत, आनंद कुमार, नारायण यादव, गोलू भारती, डॉ. सौरभ कुमार चौहान आदि उपस्थित थे।













