सहरसा। भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद् के तत्वावधान में अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन सहरसा स्थित सर्व नारायण सिंह राम कुमार सिंह महाविद्यालय में किया गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों की 11 टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बी. एस. झा ने कहा कि “खेल में हार-जीत
कोई महत्व नहीं रखता। हारने वाली टीम को हौसला रखना चाहिए तथा अपनी कमियों को दूर करना चाहिए, ताकि आगे वे भी मैच जीत सकें।” उन्होंने विजेता टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि “खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएँ हैं।” उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद् के निदेशक प्रो. (डॉ.) अबुल फजल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
महाविद्यालय निरीक्षक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह ने कहा कि “खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। अतः सभी कॉलेजों को खेल में भाग लेना चाहिए।”
क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद् के उपनिदेशक डॉ. जैनेन्द्र कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से एआईयू के मानकों के अनुरूप खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि हमारे खिलाड़ी अंतर विश्वविद्यालयीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सम्पूर्ण कुमार आरएम कॉलेज सहरसा विजेता तथा अनूप राज इवनिंग कॉलेज सहरसा उपविजेता रहे। युगल में अनूप और जीशान, इवनिंग कॉलेज, सहरसा की जोड़ी ने आकिब नवाज और सम्पूर्ण, आरएम कॉलेज, सहरसा की जोड़ी को सीधे सेटों में हराया। पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान पर सर्व नारायण सिंह राम कुमार सिंह महाविद्यालय के अमन गौहर रहे। महिला वर्ग में प्रिया कुमारी, एम. एल.टी कॉलेज, सहरसा विजेता रहीं, जबकि उपविजेता पार्वती विज्ञान महाविद्यालय की राशि यादव रहीं। युगल वर्ग में राशि यादव और भाग्यमणि, पार्वती विज्ञान महाविद्यालय ने मिलकर एम.एल.टी. कॉलेज की प्रिया और रानी मुसर्रत को सीधे सीटों में हरा युगल में विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को माननीय कुलपति एवं उपस्थित अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अनुशासित खिलाड़ी का ख़िताब आकिब नवाज और सुहानी राज को दिया गया।
प्रतियोगिता में रेफरी की मुख्य भूमिका रंजन निराला, राणा शाह, मो. वकील, केशव, प्रियांशु ने निभाई। कार्यकर्ता के रूप में मो. तौसिफ आलम, शिवम श्रीवास्तव, कमर अफरोज, साहिल राज, माज अहमद, मधु, अंजलि शामिल रहे।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय चयन समिति के सदस्य के रूप में डॉ. कुमारी अपर्णा एवं ब्रह्मदेव कामत मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन किया तथा चयन प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. राम नरेश पासवान, बर्सर डॉ. कपिल देव पासवान एवं पीटीआई मोहम्मद खुर्शीद अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. आर्य सिंधु ने किया। प्रतियोगिता के दौरान डॉ. गौतम सिंह, डॉ. राजकुमार, डॉ. रेखा, डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, डॉ. नरेन्द्र सिंह, डॉ. ममता कुमारी, डॉ. गायत्री, डॉ. ज्योति, डॉ. पुष्पलता, डॉ. सुलेखा, डॉ. जीतू, डॉ. लीना सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।














