कनक जी, आपके जाने से हमलोगों को एक खालीपन का अहसास हो रहा है। आपके जैसे विद्वान और “कमिटमेंट वाले आदमी“ विरल हैं।
——————
कनक तिवारी जी के देहांत की खबर आज कोकास जी की फेसबुक पोस्ट से मिली। वे 86 वर्ष 4 महीने के थे । उनका जन्म 26 जुलाई, 1940 को रांची में हुआ था । देहांत दुर्ग में 26 नवंबर, 2026 को सुबह 9 बजे हुआ।
मैं यह नहीं कहूँगा कि इस खबर से मैं बहुत स्तब्ध हूँ। पिछले कुछ समय से वे गंभीर रूप से बीमार थे। अपनी इच्छाशक्ति के कारण शायद वे अभी तक संघर्ष कर रहे थे। उम्र हो गई थी। शारीरिक अस्वस्थता के बीच भी कभी-कभी वे कोई टिप्पणी कर देते थे, कुछ बातें कह देते थे और कभी अपनी निराशा भी व्यक्त करते थे। हम लोग आशा कर रहे थे कि शायद कुछ ऐसा हो कि वे फिर ठीक हो जाएँ। ऐसा नहीं हुआ।
उनके निधन की खबर मिलने पर सबसे पहले पुष्पा जी का ख्याल आया। दोनों की एक-दूसरे के बिना हम लोग कल्पना ही नहीं कर सकते। उनके पुत्र ने अपने पिता के लिए अपना जीवन ही समर्पित कर दिया। पुत्र ने ही नहीं, बल्कि पुत्रवधू ने भी जिस तरह कनक जी और उनकी पत्नी की सेवा की है, वह अतुलनीय है।
कनक जी के व्यक्तित्व के कई पक्ष थे। कानून और राजनीति की दुनिया से उनका गहरा संबंध था। संविधान, आदिवासियों के प्रश्न, गांधी और भारतीय राजनीति पर उन्होंने खूब लिखा। डॉ. राममनोहर लोहिया का उनके ऊपर गहरा प्रभाव था। अंग्रेजी अच्छी तरह जानने के बावजूद अपने सार्वजनिक और बौद्धिक जीवन में उन्होंने हिंदी में काम करने का निर्णय लिया था। जीवन भर उन्होंने हिंदी में खूब लिखा। उनके इस निर्णय के पीछे लोहिया का प्रभाव भी था।
लेकिन कनक जी को केवल उनके लेखन के आधार पर जानना उनके व्यक्तित्व के एक बड़े हिस्से से अपरिचित रह जाना है। उनके पास कितने दिलचस्प संस्मरण थे! राजनांदगाँव के दिनों के मुक्तिबोध से जुड़े उनके प्रसंग, रजनीश की बातें, अजित खन्ना के बारे में उनकी स्मृतियाँ, राजीव गांधी से उनके संबंधों की बातें — उनसे बातचीत करते हुए कितनी अलग-अलग दुनियाओं में जाने का अवसर मिलता था। देव आनंद और के.एल. सहगल उनके प्रिय थे। साहित्य, सिनेमा, संगीत, राजनीति और जीवन के दूसरे पक्षों में उनकी समान दिलचस्पी थी।
उनसे बातचीत करने का सुख ही कुछ और था।
कनक जी का कलकत्ता के प्रति एक विशेष अनुराग था। कलकत्ता की बात छिड़ते ही वे बहुत प्रसन्न हो जाते थे। उनका ‘आह, कलकत्ता!’ कहना मैं कैसे भूल सकता हूँ!
कलकत्ता की नेशनल लाइब्रेरी में एक अधिकारी ने उनकी जिस तरह सहायता की थी, उसे वे बड़े आत्मीय भाव से याद करते थे। कलकत्ता की स्त्रियों और यहाँ की मिठाइयों ने भी उन्हें बहुत प्रभावित किया था। इन सबके बारे में उनसे बातें करने में बड़ा आनंद आता था।
एक बार वे अपने परिवार के साथ कलकत्ता आए थे। मैंने उन्हें मिठाई की एक दुकान के बारे में बताया था। वहाँ की मिठाइयाँ खाकर वे इतने प्रसन्न हुए कि उन्होंने कहा कि उनका कलकत्ता आना सफल हो गया!
कनक जी के व्यक्तित्व के इस पक्ष को जानने वाले ही समझ सकते हैं कि एक अच्छी मिठाई भी उन्हें कितना आनंद दे सकती थी। गंभीर से गंभीर विषयों पर लिखने-पढ़ने वाला यह आदमी जीवन की छोटी-छोटी चीजों का कितना आनंद लेता था!
कलकत्ता की साहित्यिक दुनिया की भी उनकी अपनी स्मृतियाँ थीं। भारतीय भाषा परिषद में एक कार्यक्रम हुआ था। संभवतः विजय बहादुर सिंह जी ने उस कार्यक्रम का आयोजन किया था। उन दिनों के परिषद और ‘वागर्थ’ के प्रसंगों की चर्चा कनक जी से होती थी।
उस कार्यक्रम में एक युवा संचालक था। कनक जी उसकी विद्वत्ता से बहुत प्रभावित हुए थे। उनकी टिप्पणी थी कि यह संचालक तो वक्ताओं से अधिक जानता है। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने इस प्रसंग को एक बार नहीं, दो बार याद किया था। एक युवा व्यक्ति की प्रतिभा को पहचानना, उसकी प्रशंसा करना और उसे प्रोत्साहित करना कनक जी के स्वभाव का एक सुंदर पक्ष था।
मुझे कलकत्ता के प्रति उनका अनुराग बहुत अच्छा लगता था। कलकत्ता में रहने वाले हम लोगों को कभी-कभी बाहर के लोगों से बातचीत करके अपने शहर की विशेषताओं का अधिक बोध होता है। कनक जी से कलकत्ता की बातें करते हुए मुझे ऐसा ही अनुभव होता था।
दुर्ग में उनके घर जाने का अवसर भरत जी के सहयोग से मिला था। कनक जी और पुष्पा जी से मिलना बहुत सुखद अनुभव था। दोनों ने मुझे कई पुस्तकें उपहार में दी थीं। उनके घर से लौटते हुए केवल पुस्तकें ही नहीं, बहुत सारा स्नेह भी लेकर लौटा था।
दुर्ग में उनसे मेरी अंतिम मुलाकात के समय प्रोफेसर गिरीश चंद्र पांडेय भी मेरे साथ थे। कनक जी ने एक-दो और लोगों को बुला लिया था। खूब बातें हुईं। अपनी अस्वस्थता का उन्होंने हमें बहुत एहसास नहीं होने दिया। कई योजनाओं पर बातें हुईं, कई वादे हुए। उस समय कहाँ मालूम था कि यह उनसे मेरी अंतिम मुलाकात होगी!
आज उन बातों और वादों की याद आ रही है।
कुछ लोगों के होने से किसी शहर के साथ हमारा एक निजी संबंध बन जाता है। उस शहर में जाने का मतलब उस व्यक्ति से मिलना भी होता है। उसके घर जाना, उसके साथ बैठना, बातें करना, हँसना और लौटते हुए फिर मिलने का वादा करना। धीरे-धीरे वह व्यक्ति हमारे लिए उस शहर की पहचान का हिस्सा बन जाता है।
कनक जी मेरे लिए दुर्ग में ऐसे ही व्यक्ति थे।
अब दुर्ग जाने पर कनक जी से मुलाकात नहीं होगी। कलकत्ता की बातें नहीं होंगी। मुक्तिबोध, लोहिया, रजनीश, देव आनंद और सहगल के प्रसंग नहीं सुनने को मिलेंगे। न जाने कितनी बातें थीं जो अभी उनसे करनी थीं।
पुष्पा जी का ख्याल बार-बार आ रहा है।
कनक जी, आपके जाने से मेरे लिए दुर्ग वीरान हो गया! आपकी कमी सबको खलेगी ।
विनम्र श्रद्धांजलि ।
( संलग्न चित्र जनवरी में उनसे मिलने की है । उनके घर में । कितना अच्छा किया था कि उनसे मिल आया था ! उनके लिए “ कमिटमेंट वाले आदमी “ शब्द का बिल्कुल सही प्रयोग Sadanand Shahi जी ने किया है, बातचीत में ।)
-वरिष्ठ इतिहासकार प्रो. हितेन्द्र पटेल जी के फेसबुक वॉल से साभार।














