Search
Close this search box.

जुलाई से बदल सकती है उच्च शिक्षा की तस्वीर!

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

जुलाई से बदल सकती है उच्च शिक्षा की तस्वीर!

********************************

211 नए डिग्री कॉलेज, ‘चांसलर्स अवार्ड’

********************************

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध संस्कृति पर राज्यपाल का बड़ा रोडमैप

********************************

बिहार की उच्च शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की कवायद तेज हो गई है। राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को बिहार लोक भवन के दरबार हॉल में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट किया कि अब विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन केवल भवनों और नामांकन संख्या से नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समयबद्ध परीक्षा, शोध, नवाचार, महिला सुरक्षा और विद्यार्थियों की संतुष्टि से होगा। बैठक में राज्यपाल ने 7 निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत स्थापित किए जा रहे 211 नए डिग्री महाविद्यालयों में 1 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराने का लक्ष्य तय करते हुए सभी तैयारियां मिशन मोड में पूरी करने का निर्देश दिया।

 

डिग्री नहीं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा चाहिए

********************************

राज्यपाल ने कहा कि पुराने महाविद्यालयों के साथ नए खुलने वाले 211 महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने के लिए नई प्रक्रिया के तहत योग्य अंशकालीन फैकल्टी की समयबद्ध नियुक्ति की जाए तथा उनके द्वारा संचालित कक्षाओं का सतत अनुश्रवण किया जाए। कुलपतियों को निर्देश दिया कि वे विद्यार्थियों से नियमित संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याएं सुनें। सुझावों को विश्वविद्यालय प्रशासन का हिस्सा बनाएं।

 

‘चांसलर्स अवार्ड’ से उत्कृष्टता को सम्मान

********************************उच्च शिक्षा में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्यपाल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए “चांसलर्स अवार्ड” प्रारंभ करने का निर्देश दिया। इसे शैक्षणिक उपलब्धियों, नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण कार्य को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

 

211 नए कॉलेजों पर विशेष फोकस

********************************

बैठक में पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नए डिग्री महाविद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की गई। राज्यपाल ने निर्देश दिया कि—भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो। भवन निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। आवश्यक आधारभूत संरचनाएं विकसित की जाएं। शिक्षकों की नियुक्ति समय पर हो। महाविद्यालयों का स्थान प्रखंड मुख्यालय के निकट हो।

सुरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी व्यवस्थाएं पूरी कर 1 जुलाई से नए कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराई जाए।

 

महिला सुरक्षा पर सख्त निर्देश

********************************

विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। प्रत्येक संस्थान में आंतरिक शिकायत समिति (ICC) का गठन अनिवार्य रूप से किया जाए। छात्राओं, महिला कर्मियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

 

समय पर वेतन और सेवांत लाभ

********************************

राज्यपाल ने शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को समय पर वेतन तथा सेवानिवृत्ति लाभों का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मानव संसाधन की संतुष्टि और सम्मान के बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव नहीं है।

कदाचारमुक्त परीक्षा, समयबद्ध परिणाम

********************************राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त होनी चाहिए। निर्देश दिया कि— परीक्षा कैलेंडर का पालन हो। मूल्यांकन प्रक्रिया समय पर पूरी हो।

परिणाम निर्धारित समय सीमा में प्रकाशित किए जाएं। छात्रों को अनावश्यक शैक्षणिक विलंब का सामना न करना पड़े।

 

शोध, पीएच.डी, डिजिटल पर विशेष बल

********************************

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया कि—पीएच.डी में यूजीसी विनियमों का पूर्ण अनुपालन किया जाए। शोध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। नियमित फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किए जाएं। INFLIBNET जैसी डिजिटल लाइब्रेरी सुविधाओं का अधिकतम उपयोग हो। विद्यार्थियों को यूजर आईडी उपलब्ध कराकर डिजिटल संसाधनों से जोड़ा जाए।

 

वित्तीय अनुशासन और डिजिटल प्रशासन

********************************

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में वित्तीय अनुशासन बनाए रखने पर बल दिया। समर्थ पोर्टल के मॉड्यूल प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक और पारदर्शी विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए डिजिटल व्यवस्था आवश्यक है।

 

सीनेट, सिंडिकेट हों अधिक प्रभावी

********************************

राज्यपाल ने सीनेट एवं सिंडिकेट की बैठकों में अनुशासन बनाए रखने तथा उन्हें अधिक सार्थक, परिणामोन्मुख और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया। अन्य राज्यों के सफल नवाचारों और श्रेष्ठ प्रथाओं को अपनाने का सुझाव भी दिया।

 

क्या होगा इसका लाभ?

********************************

● ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

प्रखंड स्तर पर कॉलेज खुलने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

● छात्राओं की भागीदारी बढ़ेगी

घर के निकट कॉलेज उपलब्ध होने से बड़ी संख्या में छात्राएं उच्च शिक्षा से जुड़ सकेंगी।

● रोजगार के अवसर बढ़ेंगे

211 नए महाविद्यालयों में शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य मानव संसाधनों की आवश्यकता होगी।

● शोध, नवाचार को मिलेगा नया आधार

पीएच.डी, शोध परियोजनाओं और फैकल्टी विकास कार्यक्रमों को गति मिलेगी।

● शिक्षा की गुणवत्ता सुधरेगी

योग्य फैकल्टी, नियमित कक्षाएं और सतत निगरानी से शिक्षण स्तर बेहतर होगा।

● डिजिटल विश्वविद्यालयों की ओर बढ़ेगा बिहार

समर्थ पोर्टल और INFLIBNET जैसी व्यवस्थाओं से प्रशासन और अध्ययन दोनों आधुनिक होंगे।

 

विश्लेषण: विस्तार से गुणवत्ता सुधार

********************************

बिहार में लंबे समय से उच्च शिक्षा के विस्तार की मांग उठती रही है। सबसे बड़ी चुनौती कॉलेजों की संख्या नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शिक्षक उपलब्धता, शोध संस्कृति और समयबद्ध परीक्षा व्यवस्था रही है। राज्यपाल की इस बैठक की विशेषता यह है कि इसमें केवल नए कॉलेज खोलने की चर्चा नहीं हुई, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता, महिला सुरक्षा, डिजिटल प्रशासन, शोध, शिक्षक विकास, वित्तीय अनुशासन और छात्र-केंद्रित विश्वविद्यालय व्यवस्था पर समान रूप से बल दिया गया। 1 जुलाई से 211 नए डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाती हैं और साथ ही योग्य शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होती है, तो यह पहल बिहार के उच्च शिक्षा परिदृश्य में एक ऐतिहासिक बदलाव का आधार बन सकती है।

बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग ********************************

उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाईगर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह,

उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. एन.के. अग्रवाल, बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रो. गिरीश कुमार चौधरी, राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, राज्यपाल सचिवालय के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी।

यह बैठक केवल एक प्रशासनिक समीक्षा नहीं, बल्कि बिहार की उच्च शिक्षा को अगले दशक की जरूरतों के अनुरूप ढालने की व्यापक कार्ययोजना के रूप में देखी जा रही है।

#IPRD_Bihar #education #Governor #bihar #HigherEducation #college #university #VC #LokBhavan #transparency #Chancellor #CMBihar #CMOBihar #samratchoudhary #inflibnet #students #DigitalIndia

READ MORE

[the_ad id="32069"]

READ MORE