Search
Close this search box.

ऑनलाइन संवाद आयोजित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

*ऑनलाइन संवाद आयोजित*

—————–

राष्ट्रीय स्तर पर गांधी विचार को केंद्र में रखकर कार्य कर रहे शिक्षकों एवं समाजकर्मियों की ओर से  सुप्रसिद्ध गाँधीवादी दार्शनिक, प्रख्यात शिक्षाविद्, पूर्व सांसद, पूर्व कुलपति एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित प्रो. रामजी सिंह के सम्मान में एक अभिनंदन ग्रंथ के प्रकाशन का निर्णय लिया गया है। इसको लेकर बीएनएमयू संवाद श्रृंखला के अंतर्गत एक ऑनलाइन संवाद का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गंगा मुक्ति आंदोलन, भागलपुर के संयोजक श्री रामशरण ने कहा कि पदमश्री प्रो. (डॉ.) रामजी सिंह का गाँधीवादी विचारक, लेखक एवं कार्यकर्ता तथा स्वतंत्रता सेनानी एवं जननेता के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान है। वे गांधी विचार विभाग के संस्थापक अध्यक्ष, जैन विश्व भारती विश्वविद्यालय, लाडनूं के कुलपति और भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भी रहे।

उन्होंने बताया कि प्रो. रामजी सिंह के शैक्षणिक योगदान काफी महत्वपूर्ण हैं। लेकिन उससे भी अधिक बड़ा योगदान उन्होंने संपूर्ण क्रांति आंदोलन में दिया है। इस आंदोलन की नेतृत्वकारियों में उनका नाम अग्रगण्य है ‌

उन्होंने बताया कि आपको आपकी महनीय सेवा, आदर्श साधना एवं अनुकरणीय संघर्ष के लिए कई पुरस्कार एवं सम्मान मिल चुके है। इनमें भारत सरकार ने देश के चौथे सबसे बड़े सम्मान पद्मश्री (2020) और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली का समग्र जीवनोपलब्धि सम्मान (2018-19) प्रमुख है।

स्वागत एवं विषय प्रवेश करते हुए महात्मा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा (महाराष्ट्र) के पूर्व कुलपति

प्रो. मनोज कुमार ने बताया कि प्रो. रामजी सिंह केवल एक व्यक्ति या एक विशिष्ट अकादमिक व्यक्तित्व नहीं हैं; वे एक ऐसी वैचारिक परंपरा के प्रतिनिधि हैं, जिसने गांधी-दर्शन को अध्ययन- अध्यापन की सीमाओं से आगे ले जाकर सामाजिक जीवन, सार्वजनिक विमर्श एवं परिवर्तन की प्रक्रियाओं से जोड़ने का प्रयास किया। इसलिए इनसे जुड़े प्रमुख व्यक्तियों के संस्मरण लिखित एवं वाचिक रूप में संकलित करना काफी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय गांधी विचार विभाग, टीएमबीयू भागलपुर के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार ने कहा कि इस अभिनंदन ग्रंथ का उद्देश्य केवल उनका सम्मान करना नहीं, बल्कि उनके जीवन- संघर्ष, विचार-साधना, अकादमिक योगदान, सामाजिक सरोकारों एवं मानवीय मूल्यों को प्रामाणिक सामग्री के माध्यम से भावी पीढ़ियों तक पहुँचाना है। हम चाहते हैं कि यह ग्रंथ एक व्यक्ति के अभिनंदन से आगे बढ़कर गांधी-विचार की समृद्ध परंपरा, उसके विकास और समकालीन प्रासंगिकता का महत्त्वपूर्ण दस्तावेज बने।

इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. मनोज मीता, युवा इतिहासकार डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अशोक राम आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

संचालन बीएनएमयू के सीनेटर डॉ. सुधांशु शेखर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन गांधी विचार विभाग, तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के असिस्टेंट प्रोफेसर (सीनियर स्केल) डॉ. उमेश प्रसाद नीरज ने किया। तकनीकी पक्ष डॉ. सौरभ कुमार चौहान ने संभाला।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. अमित रंजन सिंह, प्रो. अविनाश श्रीवास्तव, सर्व सेवा संघ के विजय कुमार, गांधीवादी कार्यकर्ता च़द्रभुषण, डॉ.मिथिलेश कुमार , डॉ. श्याम प्रिया, डॉ. रतन कुमार मिश्रा, डॉ. शशिकांत, गौरव मिश्रा, कन्हैया कुमार चौधरी, प्रभाष चंद्रा, राहुल मरांडी, करुण, गौरव कुमार सिंह, विश्वजीत कुमार आदि उपस्थित थे।

READ MORE