जनजातीय समाज भारत अध्ययन का जरूरी पक्ष, हमें उन्हें मुख्यधारा में लाने की नहीं, उनसे सीखने की जरूरत : डॉ. सत्यप्रिय पाण्डेय
वाराणसी। 21 अगस्त 2026
जनजातीय समाज भारत अध्ययन का कोई हाशिए का विषय नहीं, बल्कि भारत को समग्रता में समझने के लिए उसका एक जरूरी और अनिवार्य पक्ष है। भारतीय संस्कृति की पूर्णता की बात जनजातीय समाज की संस्कृति, लोकज्ञान, कला-कौशल, परंपराओं और लोकचेतना को समझे बिना नहीं की जा सकती। आवश्यकता जनजातीय समाज को मुख्यधारा में लाने की नहीं, बल्कि उनकी जीवन-दृष्टि से सीखने और उनकी तरह प्रकृति, समाज और जीवन के प्रति संवेदनशील होने की है। यह विचार कार्यशाला में प्रथम वक्ता के रूप में हिन्दी विभाग, श्याम लाल कालेज, नई दिल्ली के विद्वान डॉ. सत्यप्रिय पाण्डेय ने व्यक्त किया।
भारत अध्ययन केंद्र, काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला ‘भारत अध्ययन की परंपरा : व्यक्ति, विचार और संस्थाएँ’ के अंतर्गत ‘भारत में जनजातीय समाज : संस्कृति, लोकज्ञान और जीवन-दृष्टि’ विषय पर व्याख्यान देते हुए डॉ. पाण्डेय ने कहा कि किसी भी देश की संस्कृति किसी एक वर्ग, जाति, समुदाय या संप्रदाय की देन नहीं होती। उसमें विभिन्न समाजों की संस्कृति, कला, कला-कौशल, परंपराओं और जीवनानुभव का योगदान होता है। इसलिए जनजातीय समाज को छोड़कर भारतीय संस्कृति की पूर्णता की बात करना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज भारत की प्राचीन सांस्कृतिक स्मृति और ज्ञान-परंपरा का महत्वपूर्ण वाहक रहा है। ‘जन’ वैदिक परंपरा का महत्वपूर्ण शब्द है और जनजातीय समाज को केवल पिछड़ेपन या दूरी के संदर्भ में देखने के बजाय उसके अपने सांस्कृतिक संदर्भ में समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारतीय ऋषि-मुनियों ने वन और प्रकृति के निकट रहकर ज्ञान की साधना की, उसी प्रकार जनजातीय समाज ने भी वन, प्रकृति और अपने परिवेश से गहरा ज्ञान अर्जित किया तथा उसे अपनी परंपराओं, गीतों, कथाओं और कला-कौशल में संरक्षित किया।
रामकथा में शबरी और कोल-भीलों के प्रसंग का उल्लेख करते हुए डॉ. पाण्डेय ने कहा कि भारतीय परंपरा में जनजातीय समाज की उपस्थिति केवल कथा का हिस्सा नहीं है, बल्कि वह भारतीय सांस्कृतिक दृष्टि में उसकी प्रतिष्ठा को भी दर्शाती है। शबरी की निष्कपटता, विनम्रता, प्रेम और सहज भक्ति को उन्होंने जनजातीय समाज की बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े ऋषि-मुनियों की उपस्थिति के बावजूद राम द्वारा शबरी को नवधा भक्ति का उपदेश दिया जाना भारतीय परंपरा में भक्ति और मानवीय गुणों की महत्ता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि रामचरितमानस में आदिवासी विमर्श को गंभीरता से देखने की आवश्यकता है। शबरी और कोल-भीलों के प्रसंग बताते हैं कि भारतीय आख्यान-परंपरा में जनजातीय समाज को केवल दया या सहानुभूति के पात्र के रूप में नहीं, बल्कि अपने विशिष्ट गुणों और सांस्कृतिक सामर्थ्य के साथ प्रस्तुत किया गया है।
जनजातीय प्रकृति-चेतना पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज प्रकृति से केवल संसाधन प्राप्त नहीं करता, बल्कि प्रकृति के साथ जीता है। वृक्ष, जल, जंगल, पशु-पक्षी और भूमि उसके जीवन और संस्कृति का हिस्सा हैं। उन्होंने शकुंतला को ‘प्रकृति-पुत्री’ और जनजातीय समाज को ‘प्रकृति-पुत्र’ की संज्ञा देते हुए कहा कि आधुनिक समाज को प्रकृति के साथ जनजातीय समाज के संबंध से सीखने की आवश्यकता है।
उन्होंने कर्मा गीतों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय गीतों में उनका पूरा जीवन सुरक्षित है। जनजातीय समाज में गीत और संगीत की विविधता अत्यंत व्यापक है और अनेक प्रकार के पारंपरिक वाद्य उनकी विकसित कला-कौशल परंपरा के प्रमाण हैं। उन्होंने जनजातीय समाज के अध्ययन में वेरियर एल्विन के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय गीतों, संगीत और लोकपरंपराओं पर गंभीर अध्ययन किया जाए तो एक जीवन भी कम पड़ सकता है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि भारतीय ज्ञान-परंपरा के अध्ययन में ऋषियों के ज्ञान-विज्ञान और योगदान पर काफी चर्चा हुई है, लेकिन अब यह भी गंभीर शोध का विषय होना चाहिए कि जनजातीय समाज ने ज्ञान, विज्ञान, संगीत, कला, कृषि और तकनीकी कौशल के क्षेत्र में क्या योगदान दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय ज्ञान को केवल लोकविश्वास या लोकाचार के रूप में सीमित करना उसके वास्तविक महत्व को कम करना होगा।
गोंड समाज की कथाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने राजा पेमल साह की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि विपत्ति में सब कुछ नष्ट हो जाने के बाद रानी ने अपने भाई के भंडार से अन्य संपत्ति लेने के बजाय एक बूढ़ा बैल और गाय मांगी। जनजातीय विश्वास में बूढ़े देव का संबंध बैल से माना जाता है। इन्हीं पशुओं के माध्यम से खेती शुरू हुई और धीरे-धीरे खोई हुई संपत्ति वापस प्राप्त हुई। डॉ. पाण्डेय ने इसे जनजातीय जीवन में श्रम, कृषि, पुरुषार्थ और पुनर्निर्माण की शक्ति का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय साहित्य केवल अभाव और पीड़ा का साहित्य नहीं है, बल्कि वह पुरुषार्थ को स्थापित करने वाला साहित्य है। संकट में रोने के बजाय श्रम और आत्मविश्वास से जीवन को पुनः खड़ा करना उसकी महत्वपूर्ण जीवन-दृष्टि है।
गोंडों की वीरता और ऐतिहासिक चेतना का उल्लेख करते हुए डॉ. पाण्डेय ने गोंड राजाओं की राजनीतिक और सैन्य शक्ति पर चर्चा की। उन्होंने मंडला और गोंड राजाओं के इतिहास तथा मुगलों के साथ हुए संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज को केवल जंगलों में रहने वाले समुदाय के रूप में देखना उसके ऐतिहासिक योगदान को कम करके देखना है। गोंड लोकगीतों और कथाओं में युद्ध, स्वाभिमान, वीरता और अपने देवताओं से सहायता की प्रार्थना की स्मृतियाँ आज भी संरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की एक बड़ी शक्ति उसकी मिथकीय चेतना है। आल्हा-उंदल जैसे वीर-देवताओं, शिव-पार्वती से संबंधित लोकविश्वासों तथा सती-दक्ष प्रसंग के जनजातीय रूपांतरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसमुदाय केवल प्राप्त मिथकों को दोहराता नहीं, बल्कि उन्हें अपनी सामाजिक संवेदना और जीवनानुभव के अनुरूप पुनः रचता और नए अर्थ प्रदान करता है।
मुसहर समाज और ‘सीला-लवनी’ की चर्चा करते हुए उन्होंने जनजातीय और वंचित समुदायों के जीवन में अभाव, श्रम और कृषि से जुड़े अनुभवों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि किसी समुदाय की सामाजिक संरचना को समझने के लिए उसकी आर्थिक और जीवन-परिस्थितियों को भी समझना जरूरी है। लोक के शब्दों और परंपराओं के पीछे उसके जीवन का वास्तविक इतिहास छिपा होता है।
वीरभोर समुदाय से जुड़ी हनुमान की लोककथा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय लोककथाएँ रामकथा जैसे व्यापक भारतीय आख्यानों में भी अपने पात्रों और प्रसंगों को जोड़ती रही हैं। इससे भारतीय संस्कृति के भीतर विभिन्न लोक और जनजातीय परंपराओं के बीच हुए निरंतर संवाद का पता चलता है।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि “कथा जनजातियों का प्राण-तत्व है।” जनजातीय कथाओं में वनस्पतियों, वृक्षों, पशु-पक्षियों और मनुष्य के बीच संबंधों का गहरा ज्ञान मिलता है। अनेक कथाओं में फूल, वृक्ष, बाघ और अन्य जीव मानवीय रूप ग्रहण करते हैं। यह उस जीवन-दृष्टि का संकेत है जिसमें मनुष्य और प्रकृति के बीच कठोर विभाजन नहीं है।
विभिन्न जनजातीय और पौराणिक परंपराओं में नाग, असुर, राक्षस और मनुष्य के बीच विवाह एवं सांस्कृतिक संबंधों के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए डॉ. पाण्डेय ने कहा कि भारतीय आख्यानों में अनेक समुदायों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान के प्रमाण मिलते हैं। इसलिए भारतीय संस्कृति को किसी एकरैखिक या एकरूपी परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि अनेक धाराओं के समन्वय के रूप में देखना चाहिए।
डॉ. पाण्डेय ने जोर देकर कहा कि जनजातीय समाज को ‘मुख्यधारा में लाने’ की भाषा पर भी पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “हमें उन्हें मुख्यधारा में लाने की आवश्यकता नहीं है, हमें उनकी तरह होने की जरूरत है।” उनके अनुसार प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामुदायिकता, निष्कपटता, श्रम, पुरुषार्थ, लोकचेतना और जीवन के प्रति सहज दृष्टि जैसे गुण आज के समाज के लिए सीखने योग्य हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज भारतीय संस्कृति का दर्शक या परिधि पर खड़ा समुदाय नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता के निर्माण में सक्रिय योगदान देने वाला समाज है। भारत अध्ययन तभी पूर्ण हो सकता है जब शास्त्रीय परंपराओं के साथ लोक और जनजातीय ज्ञान-परंपराओं का भी गंभीर अध्ययन किया जाए।
कार्यक्रम में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सहभागिता की। डॉ. पाण्डेय ने आयोजन के लिए समन्वयक एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत अध्ययन के व्यापक विमर्श में जनजातीय समाज को स्थान देना भारतीय संस्कृति को समग्रता में समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।













