प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 15 जुलाई, 2026
*मधेपुरा में उच्च शिक्षा का ऐतिहासिक विस्तार*
*कुमारखंड, चौसा, शंकरपुर एवं घैलाड़ में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिली बड़ी सौगात*
मधेपुरा। राज्य सरकार की उच्च शिक्षा के विस्तार एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में आज मधेपुरा जिले के लिए ऐतिहासिक दिन रहा।
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जिले के कुमारखंड, चौसा, शंकरपुर एवं घैलाड़ प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का लोकार्पण किया गया।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कुमारखंड स्थित राजकीयकृत महर्षि मेही विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ जिले की प्रभारी मंत्री सह विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार श्रीमती शीला मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शिलापट्ट का अनावरण कर महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया।
वक्ताओं ने कहा कि चारों प्रखंडों में राजकीय डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना से जिले के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को स्थानीय स्तर पर स्नातक शिक्षा का अवसर उपलब्ध होगा। अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम होगी, जिससे समय एवं आर्थिक संसाधनों की बचत के साथ नामांकन दर और शैक्षणिक गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने तथा युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में एक साथ चार नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह पहल न केवल उच्च शिक्षा को नई गति देगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगी।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया तथा नवस्थापित महाविद्यालयों के उज्ज्वल भविष्य की कामना व्यक्त की गई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar














