लोकभवन, पटना में आयोजित होगा सेमिनार
—
महिला इमदाद कमिटी द्वारा समाज के वंचित बच्चों एवं रेलवे स्टेशन आदि पर प्रायः ड्रग्स के सेवन की बढ़ती प्रवृति पर रोक लगाने एवं नशे के विरुद्ध जागरुकता फैलाने हेतु बिहार लोक भवन, पटना में एक सेमिनार आयोजित होना है। इसका विषय ‘बचपन को बहाल करना : नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकना और देखभाल एवं सुरक्षा की जरूरत वाले बच्चों का पुनरएकीकरण’ रखा गया है।
*20 फरवरी तक भेजी जाएगी सूची*
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुधांशु शेखर ने बताया कि सेमिनार में सम्मिलित होने हेतु सभी विश्वविद्यालय से 5-5 छात्र- छात्राओं की सूची 20 फरवरी तक उपलब्ध कराया जाना है। इस हेतु कुलपति प्रो. बी. एस. झा के आदेशानुसार सभी स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों एवं प्रधानाचार्यों को पत्र प्रेषित किया गया है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि विश्वविद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता हेतु दो-दो छात्र-छात्राओं का नाम 15 फरवरी तक एनएसएस कार्यालय में उपलब्ध कराया जाए।
*निबंध प्रतियोगिता 16 फरवरी को*
उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को विश्वविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें श्रेष्ठ पांच-पांच छात्र- छात्राओं का चयन किया जाएगा। इन चयनित छात्र- छात्राओं को लोकभवन, पटना में आयोजित सेमिनार में भाग लेने का अवसर मिलेगा।













