Search
Close this search box.

प्रभात खबर की 15वीं वर्षगांठ पर एआई कार्यशाला, तकनीकी भविष्य पर हुआ व्यापक मंथन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

प्रभात खबर की 15वीं वर्षगांठ पर एआई कार्यशाला, तकनीकी भविष्य पर हुआ व्यापक मंथन
———–
10 फरवरी, 2026 (मंगलवार) दैनिक समाचार पत्र को प्रभात खबर के 15वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर टीपी कॉलेज, मधेपुरा के सभाकक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बदलते समय में एआई की बढ़ती भूमिका, उसकी उपयोगिता और संभावनाओं से छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को अवगत कराना रहा. कार्यशाला का विषय प्रवेश ब्यूरो चीफ कुमार आशीष ने किया. उन्होंने प्रभात खबर द्वारा समाज में किये जा रहे जागरूकता कार्यक्रम की चर्चा की. कार्यशाला में एआई एक्सपर्ट इंजीनियर प्रशांत मिश्रा ने वर्तमान परिदृश्य में एआई के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला.

अपने संबोधन में इंजीनियर प्रशांत मिश्रा ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, बैंकिंग, मीडिया और प्रशासन सहित लगभग हर क्षेत्र में तेजी से उपयोग में लाया जा रहा है। एआई की मदद से जटिल और लंबे कार्यों को कम समय में सरल तरीके से पूरा किया जा सकता है. उन्होंने एआई के लाभों के साथ-साथ इसके जिम्मेदार एवं संतुलित उपयोग पर भी जोर दिया तथा इससे जुड़ी चुनौतियों और सावधानियों की जानकारी दी.

कार्यशाला के दौरान छात्रों को एआई की कार्यप्रणाली, भविष्य में रोजगार की संभावनाएं और तकनीकी कौशल विकसित करने की जरूरत के बारे में भी बताया गया. वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में एआई की समझ नई पीढ़ी के लिए अनिवार्य होगी, इसलिए इसे शिक्षा प्रणाली का हिस्सा बनाना जरूरी है.

इस अवसर पर शिक्षाविदों ने प्रभात खबर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मधेपुरा जैसे क्षेत्रों में तकनीकी जागरूकता बढ़ाने और छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं. कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि तकनीक के इस दौर में एआई की जानकारी ही सफलता की नई कुंजी है.

– मोमेंटो से किया गया सम्मानित-
आगत अतिथि व वक्ता को मोमेंटो से सम्मानित किया गया. धन्यवाद ज्ञापन चंदन कुमार ने किया. इस मौके पर सेल्फकोड एकेडमी के बिजनेस डायरेक्टर संदीप कश्यप, विजय कुमार, इमरान हसन, ई. विकास झा, सुमन झा, सीनेट सदस्य डा रंजन कुमार, ले गुड्डू, प्रभात खबर के राजकुमाऱ अमन, सविता नंदन सहित अन्य मौजूद थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रो. कैलाश प्रसाद यादव ने की। संचालन डॉ. सुधांशु शेखर ने किया.

…जिस प्रकार समय के साथ तकनीक ने मोबाइल से कंप्यूटर तक का सफर तय किया है, उसी कड़ी में आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक नई और जरूरी तकनीक के रूप में सामने आया है. वर्तमान दौर में एआई केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है. इसी महत्व को समझते हुए प्रभात खबर द्वारा आज एआई विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया, जो अत्यंत सराहनीय पहल है. इस सेमिनार के माध्यम से छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को एआई की उपयोगिता, संभावनाओं और भविष्य की दिशा से अवगत होने का अवसर मिला. ऐसे आयोजनों से शैक्षणिक वातावरण और अधिक सशक्त होता है. इस उपयोगी और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के लिए मैं महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रभात खबर के प्रति हार्दिक आभार और धन्यवाद प्रकट करता हूं.
-डॉ कैलाश प्रसाद यादव, प्रधानाचार्य, टीपी कॉलेज

प्रभात खबर के स्थापना दिवस के अवसर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आयोजित यह चर्चा अत्यंत प्रसन्नता देने वाली है. समय के साथ तकनीक लगातार बदलती रही है. पहले मोबाइल ने जीवन को आसान बनाया, फिर कंप्यूटर ने कार्यशैली को नई दिशा दी और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत बनकर उभर रहा है. ऐसे में मधेपुरा जैसे क्षेत्र में एआई पर विस्तृत चर्चा होना समयानुकूल और आवश्यक है. इस विषय पर और भी संवाद व सेमिनार होने चाहिए, ताकि इसकी उपयोगिता और महत्व समाज के हर वर्ग तक पहुंचे. इससे छात्रों और अभिभावकों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा.”
-डॉ. अशोक यादव, संस्थापक, मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा

…आज के इस वर्कशॉप के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी अहम और उपयोगी जानकारियां मिली हैं. यह केवल एक तकनीकी सत्र नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला प्रयास है. प्रभात खबर ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन कर समाज को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की पहल की है. एआई की समझ आज हर वर्ग के लिए जरूरी हो गई है, खासकर नई पीढ़ी के लिए. ऐसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, सीखने की प्रवृत्ति और अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाते हैं, जिससे एआई को सही मायनों में जन-जन तक पहुंचाया जा सके.
– डॉ. रत्नदीप, अर्थपाल

… आज के समय का परिदृश्य यह स्पष्ट करता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जिस तेजी से आर्थिक, शैक्षणिक और अन्य क्षेत्रों में अपनी उपयोगिता साबित कर रहा है, वह मानव विकास के लिए अनिवार्य बनता जा रहा है. एआई भले ही मानव द्वारा विकसित की गई तकनीक हो, लेकिन आज यह मानव की कार्यक्षमता को कई गुना बढ़ा रहा है. शिक्षा के क्षेत्र में इसके महत्व को समझते हुए केरल जैसे राज्य में एआई को स्कूल स्तर पर लागू किया जा चुका है. एआई की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह लंबे और जटिल कार्यों को कम समय में पूरा कर देता है. यह कमांड पर काम करने वाली ऐसी तकनीक है, जो छोटी-सी जानकारी को भी विस्तृत और उपयोगी रूप में प्रस्तुत कर सकती है. वर्तमान दौर में एआई की जानकारी रखना हर वर्ग के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है, ताकि समाज तकनीकी रूप से सक्षम और भविष्य के लिए तैयार बन सके.
– प्रो नरेंद्र श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, जंतु विज्ञान, बीएनएमयू

…प्रभात खबर द्वारा आज समय की सबसे जरूरी जरूरतों को समझने और समझाने के उद्देश्य से एआई विषय पर यह सेमिनार आयोजित किया गया, जो अत्यंत सराहनीय पहल है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का ज्ञान अब किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह सभी के लिए आवश्यक बन चुका है. इसे साइंस, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की पढ़ाई के साथ अनिवार्य रूप से जोड़ा जाना चाहिए. इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता की जरूरत है. मधेपुरा के सभी शिक्षाविदों और शैक्षणिक संस्थानों को आगे आकर ऐसे प्रयासों में भागीदारी करनी होगी, ताकि एआई की जानकारी जन-जन तक पहुंचे. एआई की मदद से बड़े और जटिल कार्यों को भी सरल बनाया जा सकता है.
– डॉ वंदना कुमारी, निदेशक सह प्राचार्या, हॉली क्रॉस स्कूल

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि हर वर्ग की जरूरत बन चुकी है. आने वाले समय में एआई की पढ़ाई स्कूल स्तर से ही शुरू होनी चाहिए, ताकि छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए पहले से तैयार हो सकें. उन्होंने आगे कहा तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी के दौर में एआई के साथ अपडेट रहना बेहद जरूरी है. एआई की मदद से भारी और जटिल काम अब आसान हो गए हैं, बड़े कार्यों को कम समय और कम संसाधनों में पूरा किया जा सकता है. कोसी क्षेत्र की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र में आज भी तकनीकी संसाधनों और जागरूकता की कमी है. ऐसे में एआई जैसे आधुनिक विषयों पर सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि इस क्षेत्र को भी तकनीकी मुख्यधारा से जोड़ा जा सके.
– राजेश कुमार राजू, प्रबंध निदेशक, आरआर ग्रीन फील्ड, मधेपुरा.

… डिजिटल युग में स्वयं को अपग्रेड करने एवं नई पीढ़ी को भविष्य के लिए तैयार करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है. इसी आवश्यकता को समझते हुये प्रभात खबर द्वारा एआई विषय पर विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया. इस वर्कशॉप का उद्देश्य बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी तकनीकी बदलावों के प्रति जागरूक करना रहा. उन्होंने कहा कि एआई की समझ आज की जरूरत है, इससे शिक्षा, रोजगार एवं दैनिक जीवन में बेहतर अवसर मिल सकें. ऐसे आयोजन एआई को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका है.
-मानव कुमार सिंह, निदेशक, बीआर ऑक्सफॉर्ड पब्लिक स्कूल, मुरलीगंज

… प्रभात खबर के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषयक सेमिनार ने यह स्पष्ट किया कि बदलते समय के साथ तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है. मोबाइल से कंप्यूटर और अब एआई तक का सफर मानव विकास की नई दिशा को दर्शाता है. वक्ताओं ने कहा कि एआई आज शिक्षा, अर्थव्यवस्था और कार्यशैली का अहम हिस्सा बन चुका है और इसकी जानकारी सभी के लिए आवश्यक है. नई पीढ़ी को भविष्य के लिए तैयार करने हेतु एआई की पढ़ाई स्कूल और कॉलेज स्तर पर शुरू होनी चाहिए. कोसी और मधेपुरा जैसे क्षेत्रों में तकनीकी जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे सेमिनार और वर्कशॉप बेहद जरूरी हैं.
-डॉ. सुधांशु शेखर, कार्यक्रम समन्वयक एनएसएस, बीएनएमयू

इस अवसर पर एनसीसी पदाधिकारी ले. गुड्डु कुमार, बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. जावेद अहमद, दीपक कुमार राणा, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. कुमार गौरव, डॉ. मिन्टू कुमार मेनन, सीनेटर डॉ. रंजन कुमार सहित कॉलेज के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

READ MORE