*प्रलेस,मधेपुरा का जिला सम्मेलन संपन्न ,नई कमिटी गठित*
*प्रो विनय कुमार चौधरी अध्यक्ष और डॉ. हर्ष वर्धन सिंह राठौर सचिव निर्वाचित*
प्रगतिशील लेखक संघ,मधेपुरा का जिला सम्मेलन बुधवार को जिला मुख्यालय के सार्क इंटरनेशनल स्कूल परिसर में अलग अलग सत्रों के कार्यक्रम के साथ संपन्न हो गया । राज्य पर्यवेक्षक प्रांतीय महासचिव अनीश अंकुर,सचिव जय प्रकाश यादव की उपस्थिति एवं चर्चित विचारक,लेखक पूर्व कुलसचिव प्रो. सचिंद्र महतो की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलित एवं अतिथियों द्वारा प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े स्मृतिशेष साहित्यकारों को पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। उसके उपरांत स्वागताध्यक्ष ख्यातिप्राप्त वरीय साहित्यकार प्रो विनय कुमार चौधरी ने राज्य से आए पर्यवेक्षकों का अंगवस्त्र,मोमेंटो,पुस्तक और सम्मेलन विशेष किट,पुस्तक से सम्मानित किया । स्वागत भाषण देते प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि यह संगठन देश ही नहीं एशिया महादेश का सबसे पुराना साहित्यिक संगठन है जिसकी बुनियाद 1936 में प्रेमचंद सरीखे हिंदी उर्दू के कथा सम्राट प्रेमचंद की अध्यक्षता रखी गई थी। अपने उद्घाटन एवं अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व कुलसचिव प्रो सचिन्द्र महतो ने कहा कि प्रगतिशील लेखक संघ को आजादी के दौर में वैचारिक रूप से स्वतंत्रता आंदोलन को धार देने का गौरव प्राप्त है आजादी के लगभग आठ दशक बाद इसकी भूमिका बदले अंदाज में है।
राज्य पर्यवेक्षक प्रांतीय महासचिव अनीश अंकुर ने कहा कि साहित्य को जीने के बाद ही उसे समझा जा सकता है ।यह सिर्फ रचना तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसकी अग्रिम सामाजिक सांस्कृतिक दायित्व भी है। बदलाव के दौर में साहित्य की परिभाषा और भूमिका बदल रही है ऐसे दौर में मधेपुरा में प्रगतिशील लेखक संघ का हो रहा जिला सम्मेलन बहुत मायने रखता है।मुख्य अतिथि प्रांतीय सचिव जय प्रकाश यादव ने कहा कि साहित्य अपनी भूमिका खुद ही नहीं तय करती बल्कि साहित्यकार उसके सारथी बनते हैं इसलिए साहित्यकारों की भूमिका सदैव अहम रही है खास कर वो गलत चीजों को कभी बढ़ने का मार्ग नहीं दे सकती इसलिए इसे समाज का मशाल कहते हैं ।मधेपुरा जिला सम्मेलन भविष्य के कई उम्मीदों को साकार करेगी।
सांगठनिक सत्र में युवा विचारक, अर्थशास्त्री प्रो . प्रसन्ना ने पंद्रह सदस्यीय कार्यकारिणी , सात सदस्यीय सचिव मंडल ,तीन सदस्यीय संरक्षक मंडल का प्रस्ताव रखा जिसे सदन द्वारा पास किया गया उसके उपरांत सर्वसम्मति से वरीय साहित्यकार पूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. विनय कुमार चौधरी को अध्यक्ष और युवा साहित्यकार एवं इतिहासकार डॉ. हर्ष वर्धन सिंह राठौर को सचिव की जिम्मेदारी दी इसके अतिरिक्त साहित्यकार मणिभूषण वर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष,समाजसेवी चंद्रशेखर,विचारक रमन कुमार को उपाध्यक्ष,सार्क इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर अबू जफर को कोषाध्यक्ष चुना गया।वहीं पांच सदस्यीय संरक्षक मंडल में पूर्व कुलसचिव प्रो सचिन्द्र,वरीय साहित्यकार श्यामल सिंह पथिक,समाजशास्त्री डॉ. आलोक कुमार,लेखक अरविंद श्रीवास्तव को शामिल किया गया।संयुक्त सचिव के एक और संरक्षक मंडल में एक सीट खाली रखी गई।कार्यकारिणी में शैलेंद्र सुमन,विनीता भारती,प्रो प्रसन्ना,सोनम आजाद ,गरिमा उर्वशा ,फिरोज मंसूरी को जगह दी गई। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आलोक कुमार ने किया।
*विभिन्न संगठनों ने किया सम्मेलन का अभिनंदन*
प्रगतिशील लेखक संघ मधेपुरा के जिला सम्मेलन में पहुंचे विभिन्न जनवादी,साहित्यिक संगठनों के प्रतिनिधि के रूप में शम्भू शरण भारतीय,गणेश मानव ने सम्मेलन का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस सम्मेलन से निकली टीम साहित्यिक गतिविधियों में उम्मीद की किरण साबित होगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जैद, शाकिब,आर्यन की भूमिका अहम रही।उद्घाटनकर्ता प्रो सचिन्द्र महतो,राज्य पर्यवेक्षक अनीश अंकुर एवं जय प्रकाश यादव ने नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रो विनय कुमार चौधरी,कार्यकारी अध्यक्ष मनिभूषण वर्मा,सचिव डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर को माला पहनाकर नई कमिटी का अभिनंदन किया।














