BNMU वित्त समिति की बैठक

बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय : कल, आज और कल पुस्तक का प्रकाशन होगा
====
बीएनएमयू के अतीत, वर्तमान एवं भविष्य को केंद्र में रखकर शीघ्र ही एक पुस्तक का प्रकाशन होगा। इस पुस्तक का नाम बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय : कल, आज और कल पुस्तक होगा। इस निर्णय को बीएनएमयू, मधेपुरा की वित्त समिति की सोमवार को कुलपति डाॅ. अवध किशोर राय की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में अंतिम रूप दिया गया। मालूम हो कि विश्वविद्यालय की स्थापना सुप्रसिद्ध समाजवादी नेता भूपेन्द्र नारायण मंडल की स्मृति में दस जनवरी 1992 को हुई थी। इस विश्वविद्यालय ने कोसी एवं सीमांचल के पिछड़े इलाके में शिक्षा की रौशनी फैलाने में अहम भूमिका निभाई है। 
इधर, 29 मई, 2017 को सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् डाॅ. अवध किशोर राय ने विश्वविद्यालय के 23 वें कुलपति के रूप में योगदान दिया। इसके साथ ही यहाँ बदलाव एवं विकास के कई आयाम सामने आए, विश्वविद्यालयमें शैक्षणिक वातावरण बना और नैक मूल्यांकन की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। साथ ही विश्वविद्यालय का रजत जयंती समारोह भी आयोजित किया गया। संप्रति विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अवध किशोर राय के कार्यकाल का स्वर्णिम तीन वर्ष पूरा होने पर विश्वविद्यालय द्वारा बी. एन. मंडल विश्वविद्यालय : कल आज और कल नामक पुस्तक प्रकाशित की जा रही है। 
इस पुस्तक में विश्वविद्यालय के इतिहास, उपलब्धियों एवं कार्य योजनाओं से संबंधित सामग्रियों, आलेखों एवं चित्रों को स्थान दिया जाएगा।  साथी विश्वविद्यालय से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों की उपलब्धियों एवं बीएनएमयू से जुड़े संस्मरण आदि भी प्रकाशित किए जाएंगे। इसके लिए वित्त समिति की बैठक संख्या-62, दिनांक-18.08. 2019 के द्वारा जनसंपर्क पदाधिकारी डाॅ. सुधांशु शेखर को अधिकृत किया गया था। जनसंपर्क पदाधिकारी ने सामग्रियों का संकलन किया है। आगे प्रकाशन की प्रक्रिया जारी है। लाॅकडाउन के कारण थोड़ा व्यावधान आ गया है।
समिति ने फरवरी में आयोजित बी. एन. मंडल जयंती सह स्थापना दिवस समारोह के निमित्त स्वीकृत दो लाख पचास हजार रुपये के विरूद्ध किए गए खर्च को समायोजित करने की स्वीकृति दी। रजत जयंती समारोह- 2019 में खर्च हुई राशि के विपत्रों के भुगतान के निर्णय को भी अनुमोदित किया गया। शीघ्र ही यह प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
इसमें अप्रैल से दिसंबर 2019 तक शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा पदाधिकारियों के बीच सातवें पुनरीक्षित वेतनमान के आधार पर बकाए वेतनांतर की राशि के भुगतान को अनुमोदित किया गया। यह राशि 26 करोड़ 24 लाख 73 हजार 846 रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
आगे शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा पदाधिकारियों के जनवरी 2016 से मार्च 2019 तक सातवें पुनरीक्षित वेतनमान के आधार पर बकाए वेतनांतर की राशि के भुगतान पर विचार किया गया।
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की भांति बीएनएमयू के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के सामूहिक जीवन बीमा की कटौती बंद करने के संबंध में आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। पूर्व की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि इस संबंध में दोनों संघों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की जाए। लेकिन लाॅकडाउन के कारण वार्ता नहीं हो पाई है। शीघ्र ही वार्ता आयोजित कर आवश्यक निर्णय लिए जाएँगे। 
इस अवसर पर प्रति कुलपति डॉ. फारूक अली, वित्तीय परामर्शी सुरेशचंद्र दास, वित्त पदाधिकारी सुरजदेव प्रसाद, परीक्षा नियंत्रक डाॅ. नवीन कुमार सिंह,  डाॅ. नरेश कुमार, डाॅ. अरविंद कुमार आदि उपस्थित थे। नरेन्द्र कुमार एवं बिमल कुमार ने बैठक के आयोजन में सहयोग किया।