Search
Close this search box.

*नौ मई 1981 को जिला बना मधेपुरा के साढ़े चार दशक का सफर स्वर्णिम,,,,, डॉ. राठौर*

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

*नौ मई 1981 को जिला बना मधेपुरा के साढ़े चार दशक का सफर स्वर्णिम,,,,, डॉ. राठौर*
बिहार के 38 जिलों में से एक मधेपुरा 1778 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्रफल में फैला है. कोसी के मुहाने पर अवस्थित यह जिला चारों ओर से छह जिलों से घिरा है. वहीं नेपाल से नजदीक है. युवा सृजन पत्रिका के प्रधान संपादक युवा साहित्यकार डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर बताते हैं कि डाॅ जगन्नाथ मिश्र के मुख्यमंत्रित्व काल तथा पूर्व मुख्यमंत्री बी पी मंडल संग उनकी उपस्थिति में प्रथम जिला पदाधिकारी एसपी सेठ व प्रथम पुलिस अधीक्षक अभयानंद के नेतृत्व में नौ मई 1981 को सात प्रखंडों के साथ बिहार के नक्शे पर जिला बने मधेपुरा में वर्तमान में दो अनुमंडल, 13 प्रखंड व 13 ही अंचल भी हैं.

*जिले की राजनीतिक, धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व राष्ट्रीय स्तर की ह.*
डॉक्टर राठौर बताते हैं कि 20 लाख से ज्यादा की आबादी रखने वाले इस जिले की राजनीतिक, धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व राष्ट्रीय स्तर की है. धर्म से सियासत तक पहचान है मधेपुरा क्षेत्र का संबंध रामायण व महाभारत काल के अतिरिक्त मौर्य, कुषाण वंश व मुगल काल में भी अति महत्वपूर्ण रहा है. स्वतंत्रता आंदोलन में इस जिले की अमिट निशानी देखने को मिलती है. आजादी के बाद भी यह क्षेत्र विभिन्न स्तरों पर अपनी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पहचान को दर्शाता रहा है. स्थापना के मात्र चार दशक के सफर में इसकी उपलब्धि उच्च स्तरीय रही है. वहीं सफर के कई आयाम अभी और बांकी हैं. स्वतंत्रता आंदोलन एवं राजनीतिक आइने में रासबिहारी मंडल,कार्तिक सिंह, भूपेंद्र नारायण मंडल,मो कुदरतुल्लाह काजमी, प्रथम कानून मंत्री बिहार शिव नंदन प्रसाद मंडल,संविधान सभा सदस्य कमलेश्वरी प्रसाद यादव,पूर्व मुख्यमंत्री सह मंडल आयोग के अध्यक्ष बीपी मंडल,बिहार के पहले दलित सांसद किराए मुसहर,कमलेश्वरी प्रसाद मंडल आदि इसके चमचमाते सितारे रूपी वो नाम हैं, जिनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व की चमक निरंतर बढ़ती जा रही है.
*उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कीर्ति बाबू का कृतित्व है अमर*
राठौर कहते हैं कि शिक्षा के माहौल बनाने में कोसी के शिक्षा दधीचि कहे जाने वाले कीर्ति नारायण मंडल का त्याग बेमिसाल है, जिसकी बदौलत इस जिले में एक विश्वविद्यालय व दर्जनों उच्च शिक्षण संस्थान हैं, जो जिले को शैक्षणिक व आर्थिक विकास को आधार देता है. कृषि के क्षेत्र में पूर्णिया रोड में कृषि महाविद्यालय,सिंहेश्वर का नारियल विकास बोर्ड की एक खास पहचान रही है. वहीं सिंहेश्वर स्थान इसके गौरवशाली अतीत को प्रमाणित करते हैं.
*लगातार विकास पथ पर गतिशील है जिला*
डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर की माने तो जिला बनने के बाद मधेपुरा तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है. एग्रीकल्चर, इंजीनियरिंग, लॉ व इवनिंग कॉलेज के साथ राष्ट्रीय फलक का मेडिकल कॉलेज विगत कुछ वर्षों में जिले को समर्पित हुआ. मेडिकल कॉलेज शिक्षा के विभिन्न आयामों में समृद्धि दे रहा है. विश्व स्तरीय विद्युत रेलवे इंजन कारखाना से इस जिले को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिल रही है वहीं रोजगार का बड़ा प्लेटफार्म तैयार हो रहा.
*उपलब्धियों के साथ समस्याएं भी*
युवा साहित्यकार डॉक्टर राठौर कहते हैं कि विकास के पथ पर अग्रसर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय छवि प्राप्त मधेपुरा के साथ उपलब्धियों के साथ सामने कई प्रकार की चुनौतियां भी हैं, जिसमें जिले को स्वच्छ रखने का कोई कारगर रोड मैप आज तक सुचारू रूप से लागू नहीं हो पाया है. पठन-पाठन से रुचि रखने वालों के लिए पब्लिक पुस्तकालय व किसी भी स्तर पर पत्रिका प्रकाशन की व्यवस्था नहीं है. बड़े आयोजन के लिए मोबाइल शौचालय व पानी की पर्याप्त सुविधा नहीं हो पाती. बड़े आयोजन के लिए संपन्न प्रेक्षागृह नहीं है. यद्यपि टाउन हॉल को व्यवस्थित किया गया है. घनी आबादी वाले जिला मुख्यालय में सक्रिय मुक्तिधाम नहीं होना लगातार 45 साल के जिले के सफर को चिढ़ाता प्रतीत होता है।46 वी जिला स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए डॉक्टर हर्ष वर्धन सिंह राठौर ने कहा कि सबों के सहयोग से जिले को और आगे ले जाया जा सकता है।जिला स्थापना दिवस की सबों को बधाई।

READ MORE