Search
Close this search box.

श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय, नयागांव (खगड़िया)

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार के प्रथम प्रधानमंत्री (स्वतंत्रता के पहले मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री बोला जाता था) एवं मुख्यमंत्री बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्री बाबू) को उनकी जयंती पर सादर नमन। आपका जन्म 21 अक्टूबर, 1887 को नवादा जिले के खनवां गांव में हुआ था। आपने स्वतंत्रता आंदोलन और बिहार के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मेरा यह सौभाग्य है कि मुझे आपके नाम पर स्थापित श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय, नयागांव (खगड़िया) में तीन वर्षों तक पढ़ने तथा वहां से ही मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है।

आज श्री बाबू के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर मैं अपने श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय, नयागांव (खगड़िया) के बारे में कुछ बातें आप सबों से शेयर कर रहा हूँ। इनमें से अधिकांश जानकारियां मेरे सहपाठी मित्र मारुति नंदन मिश्र (नयागांव) ने उपलब्ध कराई हैं।

खगड़िया जिलांतर्गत परबत्ता प्रखंड के नयागांव में आजादी के साथ वर्ष पूर्व सन् 1940 ई. में श्रीकृष्ण उच्च विद्यालय की स्थापना हुई। उस समय संपूर्ण परवत्ता क्षेत्र में एक भी उच्च विद्यालय नही था। शिक्षा, प्राप्त करना सामान्य स्तर के लोगों के लिए आसान नहीं था। इस क्षेत्र के मध्य विद्यालय से उत्तीर्ण छात्रों का भटकना पड़ता था। ऐसे में गाँव के प्रबुद्ध शिक्षाप्रेमियों ने नयागांव में विद्यालय स्थापना का संकल्प लिया। इस निमित्त 30 नवंबर, 1939 को विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया गया था। इसमें अध्यक्ष श्री रामपाल सिंह जी, उपाध्यक्ष श्री कमलेश्वरी सिंह जी एवं सचिव श्री त्रिवेणी प्रसाद सिंह जी बनाए गए। इसके मुख्य सदस्य में थे – श्री कौशल बाबू, श्री चन्द्रदेव प्रसाद सिंह जी, श्री रत्नेश्वर प्रसाद सिंह जी, श्रीं यदुनंदन चौधरी, ब्रह्मदेव सिंह जी, श्री पलकधारी सिंह जी, श्री भुवनेश्वर मिश्र जी, श्री दामोदर प्रसाद सिंह जी, श्री यमुना प्रसाद सिंह जी, श्री रामाधीन चौधरी जी, श्री रामसहाय कुंवर जी, श्री विष्णुदेव नारायण सिंह जी, श्री फूचो झा जी एवं श्री रामखेलावन सिंह जी। गाँव के श्री कमलेश्वरी प्रसाद एवं श्री तारिणी प्रसाद ने भूमि उपलब्ध कराई। तत्काल गाँव वालों ने बांस एवं शीशम आदि इकट्‌ठा करके सौ हाथ का फूस का मकान तैयार किया।

गाँव वालों की इच्छा हुई की श्रीकृष्ण सिंह के नाम पर इस विद्यालय का नाम रखा जाए। इस कार्य की स्वीकृति के लिए नयागांव से तीन व्यक्ति त्रिवेणी सिंह, दामोदर प्रसाद सिंह एवं यमुना प्रसाद सिंह, श्री बाबू से मिलने मुंगेर गये। श्री बाबू ने ग्रामीणों के प्रेम-भाव को देखते हुए लिखित रूप में अपने नाम की स्वीकृति दी।

इस विद्यालय के प्रति डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का काफी लगाव था। 16 फरवरी, 1942 को उन्होंने लिखा है, – “इस विद्यालय की स्थापना पर मैं यहाँ के उत्साही लोगों को बधाई देता हूँ और में आशा करता हूँ कि इसकी उत्तरोत्तर उन्नति होती जाएगी” इस विद्यालय में श्री लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी, श्री गोविन्द वल्लभ पंत जी, श्री अनुग्रह नारायण सिंह जी, महेश प्रसाद सिंह जी, श्री गंगानंद सिंह जी, श्री आर. सी. सिंह जी, श्री बद्रीनाथ वर्मा जी, कैलाशपति मिश्र जैसे दिग्गजों का आगमन हो चुका है।

यह विद्यालय काफी बड़ा है। विद्यालय के पास 10 एकड़ जमीन है। बड़ा खेल मैदान है। पर्याप्त कक्षाएं हैं और एक भव्य ऑडीटोरियम है, जैसा अभी हमारे विश्वविद्यालय के किसी भी महाविद्यालय में उपलब्ध नहीं है। इस ऑडीटोरियम में हमने कई कार्यक्रमों में भाग लिया था।

इस विद्यालय के प्रथम प्रधानाध्यापक श्री नारायण सिंह जी थे, जिनका नाम अपने जमाने के जाने-माने शिक्षाविदों में सुमार किया जाता था। आगे भी यहां एक-से-बढ़कर एक प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक रहे हैं, जिनकी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति रही है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापकों की विवरणी इस प्रकार है-
01. श्री नारायण सिंह जी (01.01.1940-12.11.1940), 02. श्री भोलानाथ वर्मा जी (13.11.1940-07.01.1943), 03. श्री हरि प्रसाद तिवारी जी (08.01.1943- 31.10. 1946),
04. श्री अनंत मिश्रा जी, प्रभारी (01.11.1946- 29.01. 1947),
05. श्री मथुरा प्रसाद सिंह जी (30.01.1947- 31.01.1948),
06. श्री अनंत मिश्र जी, प्रभारी (01.02.1948-05.02. 1948),
07. श्री कुमार बलदेव मिश्रा जी (06.02.1948-26.02. 1954),
08. श्री दशरथ चौधरी जी, प्रभारी (27.02.1954- 03.07. 1955),
09. श्री लवणा लाल राय जी, प्रभारी (27.04.1954- 03. 07.1954),
10. श्री योगेश्वर प्रसाद सिंह (04.07.1954-09.07.1955), 11. श्री लवणा लाल राय जी, प्रभारी (10.07.1955-18. 08.1955),
12. श्री चन्द्रशेखर सिंह जी (19.08.1955-14.07.1956), 13. श्री लवणा लाल राय जी (15.07.1956-),
14. महेन्द्र मिश्र जी, प्रभारी, (),
15. श्री कपिलदेव कुमार, प्रभारी (),
16. वकील सिंह जी, प्रभारी (),
17. ब्रह्मदेव चौधरी जी, प्रभारी (),
18. श्री विश्वनाथ मिश्र जी, प्रभारी (),
19. श्री रंजीत प्रसाद सिंह जी (),
20. श्री निरंजन सिंह निराकार जी (),
21. श्री अंगद कुमार जी (),
22. श्री चितरंजन राय जी () एवं
23. श्री प्रभाल कुमार जी, प्रभारी (वर्तमान)।

विद्यालय में कई विद्वान शिक्षक हुए हैं। इनमें शिक्षक श्री भोलानाथ वर्मा जी, श्री अनंत मिश्रा, श्री बलदेब मिश्रा, श्री महेन्द्र मिश्रा जी आदि प्रमुख हैं।

हमारे अध्ययन काल के पूर्व के बड़े नाम हैं। हमारे समय में श्री वकील सिंह जी, श्री सदानंद कुंवर जी, श्री ब्रह्मदेव चौधरी जी, श्री जनार्दन प्रसाद सिंह जी, श्री श्याम सुंदर कुंवर जी, श्री अंगद कुमार जी, श्री रणजीत प्रसाद सिंह जी, श्री धीरेन्द्र नारायण सिंह उर्फ श्री धीर प्रशांत जी, श्री रामचन्द्र जी, श्री निरंजन कुमार निराकार जी, श्रीमती प्रेम सुधा जी, मो. यूसूफ अंसारी जी, श्री प्रभाल कुमार जी आदि अपने-आपने विषय के विद्वान शिक्षक थे।‌ इन शिक्षकों के बारे में बाद में विस्तार से लिखूंगा।

फिलहाल श्री बाबू को पुनः सादर नमन करता हूँ और विद्यालय के निर्माण एवं विकास में योगदान देने वाले सभी ग्रामीणों, शिक्षकों एवं अन्य ज्ञात-अज्ञात लोगों को सादर प्रणाम निवेदित करता हूँ।

READ MORE